मगरलोड..चाकू की नोक पर राहगीर और माइक्रो फाइनेंस कर्मचारी से लूट,दो आरोपी गिरफ्तार

0

 

मगरलोड..चाकू की नोक पर राहगीर और माइक्रो फाइनेंस कर्मचारी से लूट,दो आरोपी गिरफ्तार

48 घंटे में खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार और 2 विधि से संघर्षरत बालक संरक्षण में; नगदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड, दस्तावेज व बाइक बरामद



उत्तम साहू 

मगरलोड/धमतरी, 13 सितंबर 2026। मगरलोड क्षेत्र में राहगीरों को रोककर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह पर धमतरी पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने दो अलग-अलग लूट की वारदातों का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों की संलिप्तता दोनों प्रकरणों में सामने आई। पुलिस ने लूटी गई नगदी, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, महत्वपूर्ण दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 10 सितंबर की शाम ग्राम चारभाठा और तेंन्दूभाठा के बीच ग्राम टेंको निवासी पवन कुमार साहू अपने साथी के साथ बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने पीछा कर उन्हें ओवरटेक किया और रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज व मारपीट के बाद चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और पवन की जेब से 10,100 रुपये नगद, दो मोबाइल फोन व जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 22,100 रुपये बताई गई।

मगरलोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 167/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रार्थी, गवाहों की जानकारी, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस ने ग्राम चारभाठा व मड़ेली क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्धों को दबोच लिया। आरोपियों की निशानदेही पर नगदी, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, वीवो मोबाइल, चार एटीएम कार्ड और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई।

जांच में एक अन्य लूट का मामला भी सामने आया। 11 सितंबर को स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी राजकुमार तीरधारी वसूली के लिए मड़ेली जा रहा था। वाहन खड़ा कर मोबाइल पर बात करते समय आरोपियों ने उसे घेर लिया। गाली-गलौज और मारपीट के बाद चाकू दिखाकर धमकाया तथा 1,500 रुपये नगद, बैग और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

दोनों मामलों में सुनील कुमार ध्रुव को आरोपी बनाया गया है, जबकि सुरेन्द्र कुमार ध्रुव की पहले मामले और नीतीश ध्रुव की दूसरे मामले में संलिप्तता सामने आई है। दो विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ किशोर न्याय बोर्ड के निर्देशानुसार कार्रवाई की गई है। दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी के संबंध में जांच जारी है।

एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में हुई इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में राहगीरों और कारोबारियों को निशाना बनाने वाले लूट गिरोह पर पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !