सिहावा शीतला शक्ति पीठ में नवरात्रि की तैयारियां तेज

0

 

सिहावा शीतला शक्ति पीठ में नवरात्रि की तैयारियां तेज

11 अक्टूबर से शुरू होगा शारदीय नवरात्रि महोत्सव, घट स्थापना के साथ प्रज्वलित होंगी मनोकामना ज्योतियां


उत्तम साहू,नगरी। शारदीय नवरात्रि महोत्सव को लेकर सिहावा स्थित प्रसिद्ध शीतला शक्ति पीठ में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। मंदिर परिसर में रंग-रोगन, साफ-सफाई, प्रकाश एवं साउंड व्यवस्था को व्यवस्थित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूजा सामग्री, प्रचार-प्रसार और भोजन-प्रसादी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए समिति के सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

शीतला शक्ति पीठ समिति के अध्यक्ष नरेंद्र नाग ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर से होगा। परंपरा के अनुसार दोपहर 2 बजे घट स्थापना की जाएगी। वहीं 15 अक्टूबर को पंचमी महोत्सव पूरे दिन मनाया जाएगा। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए समिति व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है।


मनोकामना ज्योति के लिए पंजीयन शुरू



नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में मनोकामना ज्योतियां प्रज्वलित की जाएंगी। इसके लिए श्रद्धालुओं का पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। तेल ज्योति के लिए 851 रुपए और घी ज्योति के लिए 1501 रुपए निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालु निर्धारित केंद्रों पर रसीद कटवाकर पंजीयन करा सकते हैं।

पंजीयन के लिए पुजारी ज्ञान सागर पटेल, डॉ. आरएन पचौरी नगरी, निकेश बुक डिपो, किशोर भट्ट, केके परिहार, रामा राव बघेल, सपना बुक डिपो सिहावा, नारायण प्रसाद पाठक घटूला, राजीव कम्प्यूटर नगरी, सुरेश विश्वकर्मा नारियल भंडार और हेमलाल साहू सोनामगर सहित अन्य निर्धारित स्थानों पर संपर्क किया जा सकता है।


तीसरे दिन से अष्टमी तक भंडारा

नवरात्रि के तीसरे दिन से अष्टमी तक प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए भंडारा-प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। भोजनदाताओं के सहयोग से श्रद्धालुओं को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। पंचमी के दिन गोलू मालू, सचिन भंसाली एवं उनके साथियों द्वारा माता को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जाएगी।


अंतिम तीन दिनों में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

नवरात्रि महोत्सव के अंतिम तीन दिनों में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। समिति द्वारा कार्यक्रमों की रूपरेखा और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। श्रद्धालु मां शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि और महागौरी सहित देवी के विभिन्न स्वरूपों की आराधना करेंगे।

महोत्सव की तैयारियों में समिति के अध्यक्ष नरेंद्र नाग, उपाध्यक्ष बलदेव निषाद एवं रामलाल नेताम, संरक्षक नेम सिंह बिशेन एवं मंशा गौर, सचिव नारद निषाद, सहसचिव बुधेश्वर साहू एवं लालेस्वर साहू, कोषाध्यक्ष गेंदलाल यादव, सलाहकार गगन नाहटा एवं भरत निर्मलकर सहित पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !