प्रतिभावान विद्यार्थियों से सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा ने किया कैरियर एवं अकादमिक संवाद
विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव और भविष्य के लक्ष्य, स्कूलों में खेल मैदान, बालिका शौचालय व लाइब्रेरी की जरूरत पर हुई चर्चा
धमतरी, 3 सितंबर। जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के साथ जिला पंचायत धमतरी के सभाकक्ष में कैरियर एवं अकादमिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों से उनके शैक्षणिक अनुभव, रुचियों और भविष्य के लक्ष्यों पर संवाद किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ खेल, विज्ञान प्रदर्शनी, कला-कौशल, नवाचार एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सहभागिता के अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने विद्यालयों में खेल मैदान, बालिका शौचालय, शेड निर्माण और लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं की आवश्यकता भी प्रमुखता से रखी।
सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा ने विद्यार्थियों से कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ज्ञान, अनुशासन, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति भी सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल, साहित्य, विज्ञान, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में विशेष प्रतिभा होती है और उसे पहचानकर सही दिशा देना आवश्यक है।
अनुशासन और समय प्रबंधन पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान पीएम श्री विद्यालय धमतरी की छात्रा कु. भाविका ने विद्यार्थी जीवन में अनुशासन के महत्व को लेकर सीईओ श्री नाहटा से सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा कि अनुशासन किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने की आधारभूत आवश्यकता है। नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और सकारात्मक सोच विद्यार्थियों को सफलता की ओर ले जाती है।
उन्होंने कहा कि बड़े लक्ष्य एक दिन में हासिल नहीं होते, बल्कि नियमित रूप से किए गए छोटे-छोटे प्रयास ही आगे चलकर बड़ी उपलब्धियों का आधार बनते हैं।
विद्यार्थियों ने बताईं स्कूलों की जरूरतें
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं का मुद्दा भी उठाया। खेल मैदान, बालिकाओं के लिए पर्याप्त शौचालय, शेड और लाइब्रेरी की आवश्यकता पर चर्चा हुई।
सीईओ श्री नाहटा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। खेल मैदान शारीरिक और मानसिक विकास के साथ टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक होते हैं। वहीं विद्यालयों में लाइब्रेरी विद्यार्थियों में पठन संस्कृति विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
राष्ट्रीय और राज्य स्तर के प्रतिभावान विद्यार्थी शामिल
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों के ऐसे विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिन्होंने एनएमएमएसई परीक्षा, प्रावीण्य सूची, विज्ञान प्रदर्शनी, इंस्पायर अवार्ड, कला-कौशल और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
शिवसिंह वर्मा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धमतरी की कु. बबीता सिन्हा और कु. जान्हवी देवांगन ने अपने अनुभव साझा किए। इंस्पायर अवार्ड के माध्यम से जापान यात्रा करने वाली छात्रा समीक्षा साहू, विज्ञान प्रदर्शनी में गणितीय मॉडल प्रस्तुत करने वाले विद्या भूषण तथा कु. प्रीति ने भी अपने अनुभव बताए।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला खरतुली की छात्रा वर्षा सिन्हा द्वारा विज्ञान लघुनाटिका गतिविधि में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त करने की उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया।
कार्यक्रम में केन्द्रीय विद्यालय धमतरी, केन्द्रीय विद्यालय कुरूद, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कुरूद, एकलव्य विद्यालय पथर्रीडीह, श्रवण बाधितार्थ विद्यालय धमतरी सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
सीईओ श्री नाहटा ने विद्यार्थियों को अपने सपनों को बड़ा रखने और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए व्यक्तिगत मेहनत के साथ उचित मार्गदर्शन, अवसर और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण भी आवश्यक है।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी, सहायक संचालक यदुनंदन वर्मा, संबंधित विद्यालयों के शिक्षकगण एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभावान छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



