नगरी में मादा तेंदुआ तीन शावकों के साथ नजर आने से दहशत

0

नगरी में मादा तेंदुआ तीन शावकों के साथ नजर आने से दहशत

तल्लेवार पेट्रोल पंप के आसपास 2-3 दिनों से लगातार दिख रहा वन्यजीव परिवार, कर्मचारियों में बढ़ी चिंता; वन विभाग से निगरानी की मांग

                    

उत्तम साहू,नगरी, 10 सितंबर 2026। नगरी नगर के वार्ड क्रमांक-1 स्थित तल्लेवार पेट्रोल पंप के आसपास इन दिनों एक मादा तेंदुआ अपने तीन शावकों के साथ नजर आने से दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि पिछले दो-तीन दिनों से तेंदुआ अपने बच्चों के साथ पेट्रोल पंप के आसपास और सड़क पर घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। तेंदुए और उसके शावकों की मौजूदगी से पेट्रोल पंप कर्मचारियों सहित आसपास के लोगों में भय बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पेट्रोल पंप के ठीक सामने ऑक्सी जोन क्षेत्र स्थित है। आसपास हरियाली और झाड़ियों वाला इलाका होने के कारण वन्यजीवों के छिपने और विचरण के लिए यहां अनुकूल वातावरण है। माना जा रहा है कि इसी क्षेत्र से मादा तेंदुआ अपने तीन शावकों के साथ पेट्रोल पंप और सड़क के आसपास पहुंच रही है।

तेंदुए को शावकों के साथ आबादी क्षेत्र के नजदीक लगातार देखे जाने से लोगों को किसी अप्रिय घटना की आशंका सता रही है। खासकर रात के समय पेट्रोल पंप और सड़क पर आवाजाही करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि तेंदुआ और उसके शावक इसी तरह आबादी क्षेत्र के करीब आते रहे तो किसी भी समय मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति बन सकती है।


वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की मांग

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए पेट्रोल पंप, ऑक्सी जोन और आसपास के क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने की मांग की है। साथ ही तेंदुए और उसके तीनों शावकों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा लोगों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई है।

लोगों का कहना है कि मादा तेंदुआ अपने शावकों के साथ होने के कारण अधिक संवेदनशील और आक्रामक हो सकती है। ऐसे में लोगों को भी सावधानी बरतने और तेंदुए को देखने पर उसके करीब जाने, पीछा करने या भीड़ लगाने से बचने की जरूरत है। वन विभाग की सतर्क निगरानी से मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !