बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के सिर पर किया वार, घटना में प्रयुक्त पेचकस बरामद; आरोपी जेल भेजा गया
उत्तम साहू,धमतरी, 10 सितंबर 2026। ग्राम कंडेल में मामूली विवाद को लेकर गाली-गलौज और मारपीट के बाद नुकीले पेचकस से दो युवकों पर हमला करने के मामले में अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पेचकस भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर की शाम करीब 7.30 बजे प्रार्थी नीरज साहू अपने साथी सुरेंद्र कुमार साहू और लुकेश यादव के साथ ग्राम कंडेल के चबूतरे पर बैठा था। इसी दौरान सुरेंद्र पानी लेकर वापस लौट रहा था, तभी गांव के सौरभ साहू ने उसके साथ विवाद करते हुए गाली-गलौज की और हाथ-मुक्का व लात से मारपीट शुरू कर दी।
सुरेंद्र के साथ मारपीट होते देखकर नीरज साहू बीच-बचाव करने पहुंचा। इसी दौरान सौरभ साहू ने अपने पास रखे नुकीले पेचकस से नीरज के सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया। नीरज के शोर मचाने पर उसका छोटा भाई कोपेश्वर साहू मौके पर पहुंचा, तो आरोपी ने उसके सिर और गाल पर भी पेचकस से वार कर दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 118/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 118(1) और 351(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें नुकीली वस्तु से चोट लगने की पुष्टि हुई।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त नुकीला पेचकस बरामद कर जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सौरभ साहू (30), पिता दिलीप साहू, निवासी ग्राम कंडेल, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने कहा है कि आपसी विवाद को हिंसक रूप देने, मारपीट करने अथवा हथियारनुमा वस्तुओं से हमला करने जैसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
