No title

0
भखारा में बैंक ऑफ बड़ौदा का मेगा क्रेडिट कैंप, 476 प्रकरणों में 32 करोड़ की ऋण सहायता

किसानों, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों और उद्यमियों को मिला लाभ, 15 सितंबर को जिंजर लीफ में प्रस्तावित है वृहद लोन मेला

उत्तम साहू धमतरी, 10 सितंबर 2026। भखारा में बैंक ऑफ बड़ौदा के धमतरी क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा खरीफ समृद्धि अभियान 2.0 के तहत मेगा क्रेडिट कैंप एवं कृषि ऋण आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कैंप में किसानों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, कृषि उद्यमियों तथा खाद्य एवं कृषि प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े हितग्राहियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में 476 ऋण प्रकरणों में लगभग 32 करोड़ रुपए की ऋण सहायता स्वीकृत एवं वितरित की गई। इसमें बैंक ऑफ बड़ौदा नारी शक्ति योजना के 34 प्रकरणों में 84 लाख रुपए, किसान क्रेडिट कार्ड के 211 प्रकरणों में 6 करोड़ रुपए, स्वयं सहायता समूहों के 155 प्रकरणों में 5 करोड़ रुपए तथा ट्रैक्टर-हार्वेस्टर सहित कृषि टर्म लोन के 69 प्रकरणों में 5 करोड़ रुपए शामिल हैं। वहीं फूड एवं एग्रो प्रोसेसिंग से जुड़े 7 प्रकरणों में 16 करोड़ रुपए की ऋण सहायता स्वीकृत की गई। हितग्राहियों को मौके पर स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।


कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, जनपद पंचायत कुरुद अध्यक्ष गितेश्वरी साहू, बैंक ऑफ बड़ौदा रायपुर अंचल के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख दिवाकर पी. सिंह, धमतरी क्षेत्र के सहायक महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख बानाम्बर बेहेरा, नाबार्ड के डीडीएम दिलीप दमानी सहित बैंक एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि ऐसे क्रेडिट कैंप ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को मजबूत करने के साथ किसानों, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों के लिए आर्थिक अवसर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने हितग्राहियों से ऋण राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप उत्पादक गतिविधियों में करने और अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने महिलाओं को मत्स्यपालन, केसीसी, स्वयं सहायता समूह और उद्यमिता से जुड़ी वित्तीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया।

जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा ने कहा कि ग्रामीण उद्यमियों और स्व-सहायता समूहों को सहज एवं पर्याप्त ऋण सुविधा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर पैदा होते हैं। उन्होंने हितग्राहियों से बैंकिंग सेवाओं का अधिकाधिक लाभ लेने और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने की अपील की।

साइबर जागरूकता वाहन को दिखाई हरी झंडी

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा सहित उपस्थित अतिथियों ने साइबर जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई धोखाधड़ी, फिशिंग, क्यूआर कोड स्कैम, डीपफेक और वॉयस क्लोनिंग जैसे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करेगा। अधिकारियों ने नागरिकों से ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की अपील की।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि जिले में आगामी दिनों में वृहद लोन मेला भी आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 15 सितंबर को जिंजर लीफ में लोन मेला प्रस्तावित है। उन्होंने पात्र नागरिकों, किसानों और उद्यमियों से इन अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !