देवपुर चौक में घेराबंदी कर पिकअप पकड़ा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 5.42 लाख रुपए का मशरूका जब्त
नगरी,धमतरी, 10 सितंबर 2026। जिले में पशु क्रूरता और गौवंश के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने देवपुर चौक के पास घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन से क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे चार गौवंशीय मवेशियों को मुक्त कराया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन समेत कुल 5 लाख 42 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार सिहावा थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में मवेशियों को भरकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने नगरी-सिहावा मुख्य मार्ग पर ग्राम देवपुर चौक के पास घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप क्रमांक CG-05 AU-4503 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में चार गौवंशीय मवेशी क्रूरतापूर्वक भरे मिले।
पुलिस ने मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराया और मौके से तानसिंह साहू (19), भोजराम यादव (19) और करणसिंह यादव (29) को गिरफ्तार किया।
5.42 लाख रुपए की जब्ती
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार गौवंशीय मवेशी, जिनकी अनुमानित कीमत 42 हजार रुपए है, तथा पिकअप वाहन, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपए है, जब्त किया। कुल जब्ती की कीमत 5 लाख 42 हजार रुपए आंकी गई है।
मामले में थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 71/26 के तहत पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं 11 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अवैध पशु परिवहन और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि पशु क्रूरता, गौवंश के अवैध परिवहन और तस्करी जैसी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
