गांव में बैठक के बाद परिजनों ने हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार करने पर जताई सहमति, विवाद टला
उत्तम साहू,नगरी, 10 सितंबर 2026। विकासखंड नगरी अंतर्गत ग्राम पंचायत नवागांव कसपुर में एक परिवार के सदस्य की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को लेकर गांव में विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। बताया गया कि संबंधित साहू परिवार के कुछ सदस्य ईसाई धर्म अपना चुके हैं। परिवार में एक सदस्य की मृत्यु के बाद परिजन ईसाई रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार करना चाहते थे, जबकि गांव के कुछ लोग हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार किए जाने की बात कह रहे थे।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद की स्थिति बनने लगी। मामले की जानकारी प्रशासन तक पहुंचने के बाद स्थिति को गंभीरता से लेते हुए गांव में बैठक आयोजित कर दोनों पक्षों से चर्चा की गई। बैठक में प्रशासन और ग्रामीणों ने आपसी सहमति एवं शांतिपूर्ण समाधान पर जोर दिया।
बैठक के दौरान मृतका के परिजनों और ग्रामीणों के बीच चर्चा हुई, जिसके बाद परिजनों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई। इसके साथ ही विवाद की स्थिति समाप्त हो गई और गांव में शांति व्यवस्था कायम रही।
प्रशासन की समझाइश और दोनों पक्षों के बीच हुई सहमति के बाद मृतक का अंतिम संस्कार किया गया मामला पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया। स्थानीय स्तर पर समय रहते संवाद स्थापित किए जाने से किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
