आईसीएआर से मिला ‘ए’ ग्रेड, पांच वर्ष के लिए प्रत्यायन; विधायक अजय चंद्राकर और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने दी बधाई
उत्तम साहू,धमतरी, 10 सितंबर 2026। कृषि शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में धमतरी जिले ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अंतर्गत संचालित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कुरूद को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड (NAEAB) से ‘ए’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। महाविद्यालय को 3.15 स्कोर के साथ पांच वर्ष की अवधि के लिए प्रत्यायन प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि कुरूद के साथ-साथ पूरे धमतरी जिले के लिए गौरव का विषय है।
आईसीएआर की अधिसूचना के अनुसार यह प्रत्यायन 29 मार्च 2024 से 28 मार्च 2029 तक प्रभावी रहेगा। राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड की 43वीं बैठक में 24 अगस्त 2026 को लिए गए निर्णय के आधार पर यह मान्यता प्रदान की गई है। प्रत्यायन के दायरे में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर तथा उसके अंतर्गत आने वाले विभिन्न महाविद्यालयों और स्वीकृत शैक्षणिक कार्यक्रमों को शामिल किया गया है।
शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुसंधान का मिला प्रमाण
कृषि प्रधान धमतरी जिले में कुरूद कृषि महाविद्यालय की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि संस्थान लंबे समय से कृषि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण, अनुसंधान, नवाचार और कृषक हितैषी तकनीकों के प्रसार पर काम कर रहा है। आईसीएआर का ‘ए’ ग्रेड संस्थान की शिक्षण व्यवस्था, शैक्षणिक संसाधनों, मानव संसाधन, अनुसंधान गतिविधियों और अकादमिक गुणवत्ता की मजबूती को दर्शाता है।
प्रत्यायन मिलने से महाविद्यालय की अकादमिक विश्वसनीयता को नई पहचान मिलने के साथ विद्यार्थियों और युवा शोधार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अनुसंधान के अवसरों के विस्तार की उम्मीद है। इसका लाभ आधुनिक कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने में भी मिल सकता है।
विधायक अजय चंद्राकर ने दी बधाई
कुरूद विधायक श्री अजय चंद्राकर ने कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कुरूद को आईसीएआर से ‘ए’ ग्रेड मिलने पर प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कुरूद ही नहीं, बल्कि पूरे धमतरी जिले के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि कृषि शिक्षा और अनुसंधान की गुणवत्ता में निरंतर सुधार से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक ज्ञान को किसानों तक पहुंचाने में महाविद्यालय की भूमिका और अधिक प्रभावी होगी।
कलेक्टर ने भी जताई प्रसन्नता
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने इस उपलब्धि पर कृषि महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी ज्ञान को बढ़ावा देना जिले की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि कुरूद कृषि महाविद्यालय को मिला ‘ए’ ग्रेड संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों की उपलब्धि का सम्मान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महाविद्यालय भविष्य में भी उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करेगा और जिले के किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सामूहिक प्रयासों का परिणाम : अधिष्ठाता नवनीत राणा
महाविद्यालय के अधिष्ठाता श्री नवनीत राणा ने इस उपलब्धि को पूरे महाविद्यालय परिवार की मेहनत और टीम भावना का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों के निरंतर प्रयास एवं समर्पण से यह सफलता हासिल हुई है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि कृषि शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा है। इससे विद्यार्थियों और युवा शोधार्थियों का उत्साह बढ़ेगा तथा वे कृषि क्षेत्र की नई चुनौतियों के समाधान के लिए अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
कुरूद कृषि महाविद्यालय को आईसीएआर का ‘ए’ ग्रेड मिलना जिले में गुणवत्तापूर्ण कृषि शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीक आधारित कृषि को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संस्थान की यह उपलब्धि आने वाले समय में विद्यार्थियों, शोधार्थियों और किसानों के लिए नए अवसरों का आधार बनने की उम्मीद जगाती है।
