मुख्यमंत्री की संवेदनशील पहल से शशिकांत को मिली उपचार की नई उम्मीद
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, स्वयं फोन कर जाना हालचाल; एम्स रायपुर में उपचार शुरू
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श के बाद शशिकांत को बेहतर उपचार के लिए 9 सितंबर की शाम रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया। एम्स में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने शशिकांत के उपचार के लिए चार लाख रुपए की स्वेच्छा अनुदान राशि भी स्वीकृत की है।
हादसे के बाद वर्षों से चल रहा उपचार
शशिकांत वर्ष 2016 में भटगांव आईटीआई में अध्ययनरत थे। इसी दौरान दुगली के पास हुई सड़क दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद उनके स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ा और तब से वे लगातार उपचाराधीन हैं। परिवार ने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर उनका उपचार कराया, लेकिन लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य समस्या के कारण उन्हें बेहतर और विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता थी।
मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद भावुक हुए शशिकांत
मुख्यमंत्री श्री साय से फोन पर बातचीत के दौरान शशिकांत भावुक हो गए और उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों से जूझ रहे उनके लिए मुख्यमंत्री का स्वयं फोन कर हालचाल पूछना और उपचार की व्यवस्था कराना बेहद महत्वपूर्ण है। एम्स में उपचार की व्यवस्था और चार लाख रुपए की सहायता मिलने से उन्हें तथा उनके परिवार को नई उम्मीद मिली है।
मुख्यमंत्री की पहल के बाद एम्स रायपुर में उपचार शुरू होने से शशिकांत का परिवार राहत महसूस कर रहा है। जिला प्रशासन द्वारा भी उनके उपचार के संबंध में आवश्यक समन्वय और सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आई एक जरूरतमंद नागरिक की पीड़ा का तत्काल संज्ञान लेकर सीधे संवाद करना और उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सुशासन में संवेदनशीलता, मानवीय सरोकार और शासन की अंतिम व्यक्ति तक पहुंच का उल्लेखनीय उदाहरण माना जा रहा है।
