केरेगांव परिक्षेत्र में दंतैल हाथी की मौजूदगी, कई गांवों में हाईअलर्ट
चंदा दल का दंतैल GB ME1 जोगीडीह की ओर बढ़ा, वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क; फसल क्षति की सूचना
नगरी/धमतरी। वन मंडल धमतरी अंतर्गत केरेगांव परिक्षेत्र में एक दंतैल हाथी की मौजूदगी से आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग के अनुसार 22 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7.30 बजे चंदा दल का एक दंतैल हाथी GB ME1 केरेगांव क्षेत्र के कक्ष क्रमांक P-143 में विचरण करता पाया गया। हाथी के धमतरी रेंज की ओर जोगीडीह आबादी क्षेत्र में जाने की संभावना जताई गई है।
वन विभाग के मुताबिक हाथी की मौजूदगी छुही बीट एवं छुही सर्कल क्षेत्र में दर्ज की गई है। क्षेत्र में हाथी के विचरण से फसल क्षति हुई है, जबकि मकान क्षति या अन्य किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
हाथी की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, साल्हेभाट, सिरौदकला, कमारपारा और भालूचुवा सहित आसपास के गांवों को हाईअलर्ट पर रखा है। वहीं बासीखाई, झुरातराई, बाजारकुर्रीडीही आदि गांवों में भी ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। दल प्रमुख मंशाराम साहू (सीएफओ) के नेतृत्व में दानवीर साहू एवं कुलेश्वर बघेल सहित सुरक्षा श्रमिक क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं।
जंगल की ओर न जाने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति जंगल की ओर न जाए और हाथी की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरते। ग्रामीण एक-दूसरे को सचेत करें तथा हाथी दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे छेड़ने के बजाय तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी को सूचना दें। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित रहने की अपील की है।


