कमार बस्ती मशान डबरा में पोषण, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण का संदेश

0

 

कमार बस्ती मशान डबरा में पोषण, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण का संदेश

राष्ट्रीय पोषण माह,आंगन मिलन एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित


उत्तम साहू 

नगरी। कलेक्टर अविनाश मिश्रा के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विकासखंड नगरी की कमार बस्ती मशान डबरा में राष्ट्रीय पोषण माह, आंगन मिलन एवं सेवा संकल्प अभियान के साथ बाल संदर्भ शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रति समुदाय में जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान ‘मेरी आंगनवाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’, ‘मेरी पोषण थाली’, व्यंजन प्रदर्शन, रंगोली सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार का महत्व बताया गया। बच्चों के मनोरंजन के लिए खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।



बाल संदर्भ शिविर के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी दी गई। ‘सुपोषित बच्चा-सुपोषित माता’ की अवधारणा पर जोर देते हुए बच्चों और माताओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक आहार तथा नियमित स्वास्थ्य देखभाल की आवश्यकता बताई गई।

कार्यक्रम में ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत मुनगा के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी गई। वहीं समुदाय के सहयोग से आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई।



कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को श्रीफल एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। इससे कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन हुआ और समुदाय को आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़कर बच्चों एवं महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य में सहयोग करने का संदेश मिला।

इस अवसर पर परियोजना अधिकारी सोमेंद्र कुमार साहू, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !