यातायात शाखा का शैक्षणिक भ्रमण, विद्यार्थियों ने जाना सड़क सुरक्षा का पाठ

0

 

यातायात शाखा का शैक्षणिक भ्रमण, विद्यार्थियों ने जाना सड़क सुरक्षा का पाठ

ब्रेथ एनालाइजर, स्पीड जांच उपकरण समेत यातायात पुलिस के संसाधनों की दी गई जानकारी


उत्तम साहू 

धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कन्या उत्तर माध्यमिक विद्यालय धमतरी के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं के लिए यातायात शाखा का विशेष शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और आमजन के सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात पुलिस किस प्रकार कार्य करती है।

इस दौरान विद्यार्थियों को ब्रेथ एनालाइजर, स्पीड जांच उपकरण, बैरिकेड्स, रिफ्लेक्टिव जैकेट, ट्रैफिक कोन सहित विभिन्न यातायात सुरक्षा उपकरणों के उपयोग और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि वाहनों की जांच और यातायात नियमों के उल्लंघन की पहचान में इन उपकरणों का किस प्रकार उपयोग किया जाता है।


हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग पर जोर

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी। नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने और सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग व निर्धारित स्थानों का उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में विद्यार्थियों की भूमिका पर भी संवाद किया गया। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली, वाहन जांच, नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई और विभिन्न उपकरणों से जुड़े सवाल पूछे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का सरल भाषा में समाधान किया।

इस अवसर पर यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू, स्कूल के शिक्षकगण, प्रधान आरक्षक चमन सिंह ठाकुर, आरक्षक देव गजेंद्र, राजीव साहू, बालमुकुंद एवं उमेश दीवान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !