सिहावा विधानसभा को मिली बड़ी सौगात, 29 करोड़ से अधिक के सड़क-पुल विकास कार्यों को मिली मंजूरी

0

 

सिहावा विधानसभा को मिली बड़ी सौगात, 29 करोड़ से अधिक के सड़क-पुल विकास कार्यों को मिली मंजूरी

विधायक की अनुशंसा पर दुधावा-मुरूमसिल्ली-बनरौद व चुरियारा-हरदीभाठा-देवपुर मार्ग का होगा मजबूतीकरण, सियादेही में बनेगा मध्यम पुल


उत्तम साहू 

धमतरी/नगरी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र के नगरी एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में सड़क और पुल से जुड़ी वर्षों पुरानी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। क्षेत्रीय विधायक की अनुशंसा पर लोक निर्माण विभाग, उपसंभाग नगरी द्वारा विभिन्न सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों के लिए प्रशासनिक स्वीकृति के साथ कार्यादेश जारी किया गया है। इन कार्यों पर करीब 29 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।

स्वीकृत कार्यों में सबसे प्रमुख दुधावा-मुरूमसिल्ली-बनरौद मार्ग (मुख्य जिला मार्ग क्रमांक-23) का मजबूतीकरण एवं डामर नवीनीकरण शामिल है। कुल 13.80 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए करीब 21 करोड़ 46 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। कार्य को 30 जून 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसी तरह चुरियारा-हरदीभाठा-देवपुर मार्ग के करीब 3 किलोमीटर हिस्से का मजबूतीकरण एवं डामर नवीनीकरण किया जाएगा। इसके लिए 468.81 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है और अनुबंध अवधि 23 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित की गई है।

इसके अलावा धमतरी-नगरी-सिहावा-बोराई मार्ग पर सियादेही में मध्यम पुल का निर्माण भी कराया जाएगा। इस पुल के निर्माण के लिए 2 करोड़ 50 लाख 67 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। कार्य की अनुबंध अवधि 1 मार्च 2027 तक निर्धारित है।


ग्रामीण कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा

इन सड़कों और पुल के निर्माण से नगरी-सिहावा क्षेत्र के अनेक गांवों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है। दुधावा, मुरूमसिल्ली, बनरौद, चुरियारा, हरदीभाठा और देवपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सड़कें बेहतर होने से किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरी-पेशा लोगों को भी लाभ होगा।

सिहावा विधानसभा क्षेत्र प्राकृतिक एवं धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों, स्थानीय व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की संभावना है। लंबे समय से सड़क सुधार की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति और कार्यादेश जारी होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़कों के मजबूतीकरण और पुल निर्माण से बरसात सहित वर्षभर आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर होगी। विधायक की अनुशंसा पर लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने से क्षेत्र में बुनियादी अधोसंरचना के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !