शिक्षक दिवस पर धमतरी पुलिस की अनूठी पहल: शिक्षकों के सम्मान के साथ दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
एसपी भावना पांडेय की मौजूदगी में सरस्वती शिशु मंदिर में विशेष कार्यक्रम, शिक्षक और विद्यार्थी जुड़े ‘मैं साइबर जागरूक हूं’ अभियान से
उत्तम साहू
धमतरी, 05 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस ने सम्मान और जागरूकता का अनूठा संगम प्रस्तुत करते हुए शिक्षकों को सम्मानित किया और उनके माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। छत्तीसगढ़ पुलिस के व्यापक “साइबर जागृति अभियान” के तहत आमातालाब के समीप स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में विशेष शिक्षक सम्मान एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान शिक्षकगणों का सम्मान कर उन्हें साइबर जागरूकता अभियान का सहभागी बनाया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक हैं और उनके माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश विद्यार्थियों से लेकर परिवारों और समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत धमतरी पुलिस लगातार लोगों को साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक कर रही है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित, सतर्क और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना है।
एसपी श्रीमती भावना पांडेय ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों को संबोधित करते हुए साइबर अपराधों के बदलते तरीकों और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है।
इस अवसर पर डीएसपी साइबर श्री भानू प्रताप चंद्राकर ने फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी KYC, बैंक अधिकारी बनकर की जाने वाली ठगी, OTP फ्रॉड, UPI धोखाधड़ी तथा APK फाइलों के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण “मैं साइबर जागरूक हूं” सेल्फी अभियान रहा। शिक्षकगणों और विद्यार्थियों ने सेल्फी लेकर साइबर सुरक्षा के प्रति अपनी जागरूकता प्रदर्शित की। ऑनलाइन माध्यम से भी अभियान में सहभागिता करते हुए लोगों तक डिजिटल सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया।
शिक्षकगणों ने भी विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, मैसेज और फाइलों से सावधान रहने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में डीएसपी साइबर श्री भानू प्रताप चंद्राकर, साइबर प्रभारी निरीक्षक श्री चंद्रकांत साहू, उपनिरीक्षक श्री बी.आर. सिन्हा, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक, साइबर टीम, सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि स्वयं साइबर जागरूक बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी डिजिटल अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।
धमतरी पुलिस का संदेश— “सतर्क रहें, जागरूक रहें, सुरक्षित रहें।”



