विकास की नई रफ्तार से बदलेगा धमतरी का स्वरूप, गौरव पथ सहित शहरी अधोसंरचना को मिली गति
गौरव पथ के लिए 15.09 करोड़ की अंतिम स्वीकृति, सड़क, पर्यटन, खेल और नागरिक सुविधाओं के विकास को मिलेगा नया आयाम
उत्तम साहू
धमतरी, 02 सितम्बर 2026। धमतरी शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त स्वरूप देने की दिशा में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। सड़क, यातायात, पर्यटन, खेल, आवास, जल निकासी और शहरी अधोसंरचना के क्षेत्र में एक साथ कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है।
इसी क्रम में रानी दुर्गावती चौक से ब्रम्ह चौक, बिलाई माता मंदिर होते हुए नहर नाका एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक तक गौरव पथ निर्माण के लिए 15 करोड़ 09 लाख 31 हजार रुपये की अंतिम स्वीकृति प्रदान की गई है। इस मार्ग पर आरसीसी डिवाइडर, आरसीसी नाली और स्ट्रीट लाइट पोल सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सिहावा रोड और रत्नाबांधा रोड के फोरलेन निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। अंबेडकर चौक से रुद्री तक फोरलेन तथा रुद्री से गंगरेल मार्ग के चौड़ीकरण की स्वीकृति से शहरवासियों और पर्यटकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। वहीं धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग के 18.50 किलोमीटर निर्माण के लिए 81.43 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति पर वित्त विभाग द्वारा सहमति प्रदान की गई है।
इन परियोजनाओं से प्रमुख मार्गों का स्वरूप बेहतर होने के साथ यातायात सुगम होगा, जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और रात्रिकालीन आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनेगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरों को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर अधोसंरचना से सुसज्जित करने की दिशा में कार्य कर रही है। धमतरी में स्वीकृत और प्रस्तावित विकास कार्यों को शहर की वर्तमान आवश्यकताओं और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाया जा रहा है।
राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि धमतरी के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौरव पथ जैसी परियोजनाएं शहर की पहचान को मजबूत करने के साथ आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति देंगी।
महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। गौरव पथ, अर्बन चैलेंज फंड से प्रस्तावित परियोजनाएं, खेल सुविधाओं का विस्तार और सौंदर्यीकरण के कार्य धमतरी को बेहतर स्वरूप प्रदान करेंगे। नगर निगम नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहा है।
महापौर श्री रोहरा ने गौरव पथ सहित विभिन्न स्वीकृत एवं प्रस्तावित विकास परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव तथा जिला प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा धमतरी के विकास को दी जा रही प्राथमिकता से शहर में अधोसंरचना विकास को नई दिशा मिली है।
मैदानी निरीक्षण से परियोजनाओं की लगातार निगरानी
महापौर श्री रामू रोहरा और कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा द्वारा विकास परियोजनाओं की प्रगति की मैदानी स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है। हाल ही में उन्होंने रुद्री चौक के समीप प्रस्तावित चौपाटी स्थल, गौरव पथ, जालमपुर वार्ड में प्रस्तावित स्पोर्ट्स क्लब, रामसागर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास तथा गांधी मैदान के समीप प्रस्तावित अर्बन चैलेंज फंड कॉम्प्लेक्स का स्थल निरीक्षण किया।
अधिकारियों को प्रत्येक परियोजना में गुणवत्ता, उपयोगिता, सौंदर्यीकरण और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
रुद्री क्षेत्र में प्रस्तावित चौपाटी और पर्यटन विकास कार्यों से शहरवासियों के लिए मनोरंजन एवं नागरिक सुविधाओं के नए अवसर विकसित होंगे। वहीं खेल अधोसंरचना के विस्तार से युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। अर्बन चैलेंज फंड के माध्यम से प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स और स्पोर्ट्स क्लब धमतरी के सुनियोजित शहरी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रशासन द्वारा विकास कार्यों में पारदर्शिता, तकनीकी मानकों और शासन के निर्धारित प्रावधानों के पालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्वीकृत राशि का उपयोग निर्धारित कार्यों में सुनिश्चित करते हुए गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी।
सड़क और यातायात से लेकर पर्यटन, खेल, आवास, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं तक समानांतर रूप से चल रहे विकास कार्य धमतरी के चौतरफा विकास की मजबूत आधारशिला तैयार कर रहे हैं। आने वाले समय में ये परियोजनाएं धमतरी को अधिक सुंदर, सुव्यवस्थित, आधुनिक और सुविधायुक्त शहर के रूप में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण साबित होंगी।

