दो माह से भटक रही मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को मिला सहारा, सखी सेंटर भेजा गया
नगरी/धमतरी। मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए फरसिया क्षेत्र में पिछले लगभग दो माह से भटक रही मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को समाजसेवियों, पुलिस एवं सखी सेंटर की संयुक्त पहल से सुरक्षित आश्रय दिलाया गया। महिला की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार महिला की मानसिक स्थिति गंभीर होने के कारण उसके रहने और भोजन की समुचित व्यवस्था नहीं थी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में सखी वन स्टाफ, नगरी थाना पुलिस एवं समाजसेवियों ने सहयोग करते हुए महिला की सहायता की।
समाजसेवी सन्नी छाजेड़, सत्यम भट्ट, तीर्थराज साहू एवं खेमराज साहू की सक्रिय भूमिका से महिला को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई और आगे देखभाल एवं संरक्षण के लिए सखी सेंटर धमतरी भेजा गया।
इस मानवीय पहल की क्षेत्रवासियों ने सराहना करते हुए समाजसेवियों, पुलिस एवं सखी सेंटर की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

