जेंडर सभा में महिलाओं ने उठाई समान अधिकार की आवाज
नुक्कड़ नाटक से घरेलू हिंसा, बाल विवाह और भेदभाव पर चोट; अधिकारों के प्रति जागरूक हुईं महिलाएं
धमतरी, 12 सितंबर। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और समाज में लैंगिक समानता का संदेश पहुंचाने विकास महिला क्लस्टर कोर्रा-हंचलपुर में जेंडर सभा का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई। साथ ही क्लस्टर की वार्षिक आमसभा भी हुई।
कार्यक्रम में लैंगिक भेदभाव, घरेलू एवं लैंगिक हिंसा, बाल विवाह, भ्रूण हत्या, पोषण और महिलाओं के अधिकारों पर चर्चा की गई। नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद, खेल और रंगोली प्रतियोगिताओं के जरिए इन मुद्दों को सरल तरीके से सामने रखा गया। घरेलू कामकाज का असमान बंटवारा और विधवा महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव जैसे विषयों ने सामाजिक सोच पर सवाल खड़े किए।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि लैंगिक समानता केवल महिलाओं की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं से अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी लेने, निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाने और स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहाटा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ निर्णय लेने में बराबर की भागीदारी जरूरी है। घरेलू जिम्मेदारियां भी महिला और पुरुष दोनों की समान जिम्मेदारी हैं।
जनपद पंचायत अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू ने बाल विवाह, भ्रूण हत्या और महिला भेदभाव जैसी कुरीतियों के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने की अपील की। कार्यक्रम में सरपंच खिलेश्वरी ध्रुव, जिला कार्यक्रम अधिकारी महेश मरकाम, बिहान की महिला पदाधिकारी, जीआरसी सदस्य, सीआरपी दीदियां और ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।


