सेवा संकल्प अभियान में वन विभाग की पर्यावरण संरक्षण पहल
23 से 25 सितंबर तक जिलेभर में पौधरोपण, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता और जलस्रोतों की सफाई
धमतरी, 22 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से व्यापक स्वरूप देने के उद्देश्य से वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, धमतरी वनमंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। 23 से 25 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता तथा नदी-घाट और जलस्रोतों की साफ-सफाई सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।
अभियान के पहले दिन 23 सितंबर को जिला, विकासखंड, ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर निर्धारित स्थानों पर पौधरोपण किया जाएगा। अर्जनी तालाब धमतरी, अटल स्टेडियम कुरूद, भखारा स्टेडियम, वन विश्राम गृह नगरी एवं दुगली, वन परिसर सिंगपुर पंचायत और औद्योगिक वार्ड डिपो परिसर धमतरी में पौधरोपण कार्यक्रम होंगे। वहीं चटौद, कोड़ापार और बगदेही में उद्यानों के शिलान्यास के अवसर पर भी पौधरोपण किया जाएगा।
24 सितंबर को पर्यावरण स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मानव वन गंगरेल-मरादेव, नया तालाब कुरूद और डिपो परिसर धमतरी में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए जागरूक किया जाएगा।
अभियान के तीसरे दिन 25 सितंबर को जलस्रोतों की स्वच्छता और जल संरक्षण पर विशेष जोर रहेगा। कोटरवाही नरहरा जलप्रपात, पम्पारनाला सिंगपुर, फुटहामुड़ा जलाशय, महानदी उद्गम फरसियां, नगरी के महामाई मंदिर क्षेत्र और गणेशघाट सिहावा में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान लोगों को जलस्रोतों की महत्ता और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, आम नागरिकों तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता रहेगी। डीएफओ धमतरी कृष्ण जाधव ने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि पौधरोपण, स्वच्छता और जलस्रोतों के संरक्षण के छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण का बड़ा जनअभियान बन सकते हैं। उन्होंने स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-संवेदनशील धमतरी के निर्माण में नागरिकों से अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

