बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षा कवच, धमतरी में एचपीवी टीकाकरण महाअभियान जारी

0

 

बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षा कवच, धमतरी में एचपीवी टीकाकरण महाअभियान जारी


उत्तम साहू,धमतरी, 9 सितंबर 2026। सर्वाइकल कैंसर यानी गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव के लिए धमतरी जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण का विशेष अभियान जारी है। केंद्र एवं राज्य शासन के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक के नेतृत्व में जिले के विभिन्न विकासखंडों और विद्यालयों में पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है।

अभियान के तहत 14 वर्ष पूर्ण और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाया जा रहा है। इसके साथ ही किशोरियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और टीकाकरण के महत्व के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।


विभिन्न विद्यालयों में हुआ टीकाकरण



9 सितंबर को विकासखंड नगरी के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में कुल 37 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया। इनमें कन्या शिक्षा परिसर दुगली में 15, खैरभरी में 6, बेलरगांव में 1, हाईस्कूल सांकरा में 9 और हाईस्कूल रिसगांव में 6 बालिकाएं शामिल हैं।

विकासखंड कुरुद में विजन स्कूल की 8, स्वामी आत्मानंद विद्यालय की 20 और मेडली स्कूल की 23 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया गया। वहीं धमतरी शहर के टैलेंट स्कूल और मॉडल स्कूल में 12-12 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया।

हाईस्कूल चटोद में 23 बालिकाओं को वैक्सीन लगाने के साथ सेनेटरी नैपकिन का वितरण भी किया गया। स्वामी आत्मानंद विद्यालय चर्रा में 30 तथा आमदी में 28 बालिकाओं को टीकाकृत किया गया।


अभिभावकों को भी किया जा रहा जागरूक



टीकाकरण अभियान के साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। ग्राम बोडरा स्थित स्कूल में ग्राम पंचायत जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों के संयुक्त तत्वावधान में एचपीवी वैक्सीन के लाभ और आवश्यकता को लेकर जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें बालिकाओं और अभिभावकों को टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए पात्र बालिकाओं को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण है। किशोरावस्था में एचपीवी टीकाकरण भविष्य में इस बीमारी के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

जिला प्रशासन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय ने पालकों, शिक्षकों और नागरिकों से पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण कराने की अपील की है। जिले के अन्य विकासखंडों में भी अभियान निरंतर जारी है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !