सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
देवपुर के शशिकांत से फोन पर की बातचीत, बेहतर उपचार के लिए हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
उत्तम साहू,धमतरी, 9 सितंबर 2026। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए धमतरी जिले के नगरी तहसील अंतर्गत ग्राम देवपुर निवासी 29 वर्षीय शशिकांत भरत की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति सामने आने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मामले का तत्काल संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने शशिकांत से दूरभाष पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और उपचार की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बेहतर उपचार के लिए शासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
दूरभाष पर हुई बातचीत में शशिकांत ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे भटगांव आईटीआई में अध्ययनरत थे। 11 नवंबर 2016 को ग्राम दुगली के पास धमतरी से लौटते समय शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच उनका सड़क हादसा हो गया था। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं। इसके बाद सर्वाइकल संबंधी समस्या के कारण उनके हाथ-पैरों की कार्यक्षमता प्रभावित हो गई। शशिकांत के अनुसार, हादसे के बाद वे करीब 50 दिनों तक कोमा में रहे।
वर्तमान में उनकी स्थिति ऐसी है कि वे स्वयं चलने-फिरने, उठने-बैठने और दैनिक नित्यक्रियाएं करने में सक्षम नहीं हैं। अधिकांश समय उन्हें बिस्तर पर ही रहना पड़ता है। शशिकांत ने मुख्यमंत्री को बताया कि परिवार में उनकी देखभाल मुख्य रूप से उनकी मां करती हैं। उन्होंने आगे के उपचार के लिए शासकीय सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
कई अस्पतालों में कराया जा चुका है उपचार
परिजनों के अनुसार, शशिकांत का उपचार धमतरी और रायपुर सहित विभिन्न अस्पतालों में कराया जा चुका है। इनमें क्रिश्चियन हॉस्पिटल धमतरी, एकता हॉस्पिटल धमतरी, गुप्ता हॉस्पिटल धमतरी, विशाखापट्टनम के अस्पताल, श्री नारायणा हॉस्पिटल रायपुर, मित्तल हॉस्पिटल रायपुर और एम्स रायपुर शामिल हैं। उपचार में अब तक बड़ी राशि खर्च हो चुकी है, लेकिन उनकी स्वास्थ्य स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है।
शशिकांत की स्थिति और परिवार की आर्थिक चिंता को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उनकी बात गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनी तथा बेहतर उपचार के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री की इस पहल से शशिकांत और उनके परिवार में आगे के उपचार को लेकर नई उम्मीद जगी है।
जिला प्रशासन करेगा आवश्यक समन्वय
प्रकरण में जिला प्रशासन द्वारा भी आवश्यक समन्वय करते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि शशिकांत को उपलब्ध शासकीय योजनाओं और चिकित्सा सहायता का लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
शशिकांत भरत ग्राम देवपुर, तहसील नगरी, जिला धमतरी के निवासी हैं। उनके पिता श्री जयलाल भरत आईटीआई मुकुंदपुर में सहायक वर्ग-2 के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता श्रीमती सुमरिता भरत जिला रोजगार कार्यालय, धमतरी में चौकीदार के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आए मामले का संज्ञान लेकर सीधे पीड़ित से संवाद करना शासन की संवेदनशीलता, त्वरित पहल और जरूरतमंदों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वहीं, शशिकांत भरत ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा उनकी स्थिति का संज्ञान लेने और उपचार में सहयोग का भरोसा दिलाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

