राहुल गांधी से मिलीं सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, संगठन मजबूती को लेकर हुई चर्चा
उत्तम साहू
नगरी/सिहावा, 09 सितंबर 2026। सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम ने नई दिल्ली स्थित लोकसभा परिसर में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस नेताओं से छत्तीसगढ़ की महिला विधायक साथियों के साथ मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जमीनी स्तर पर संगठन को सशक्त करने तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस संगठन की वर्तमान स्थिति, आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, महिला एवं युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क को मजबूत करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि राहुल गांधी का लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है। उनसे मुलाकात के दौरान संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच कांग्रेस की विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए नई ऊर्जा एवं मार्गदर्शन मिला।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं, आदिवासियों सहित समाज के सभी वर्गों के अधिकारों और हितों के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। आने वाले समय में प्रत्येक कार्यकर्ता को एकजुट होकर जनता के बीच सक्रियता से कार्य करना होगा।
श्रीमती मरकाम ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आई महिला विधायक साथियों के साथ यह मुलाकात संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण और उत्साहवर्धक रही। सभी ने प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के विश्वास के साथ छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

