नगरी..आकाशीय बिजली की चपेट में आए चार लोग; एक की मौत,तीन गंभीर
फरसियां-बोड़रा मार्ग पर शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच हुआ हादसा, सिविल अस्पताल नगरी में घायलों का उपचार जारी
उत्तम साहू
नगरी। लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम नगरी ब्लॉक में आकाशीय बिजली ने एक परिवार के लिए मातम और क्षेत्रवासियों के लिए चिंता का माहौल पैदा कर दिया। फरसियां-बोड़रा मुख्य मार्ग पर शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच अचानक गाज गिरने से चार लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में गिरजा शंकर ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जितेंद्र सिन्हा, पोषण ध्रुव और भूपेश ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया गया कि बुधवार शाम क्षेत्र में तेज बारिश के साथ लगातार गरज-चमक हो रही थी। इसी दौरान फरसियां-बोड़रा मार्ग पर मौजूद लोगों के समीप अचानक आकाशीय बिजली आ गिरी। बिजली गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को संभालते हुए उपचार के लिए शासकीय सिविल अस्पताल नगरी पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद गिरजा शंकर ध्रुव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से झुलसे तीनों घायलों का उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। लगातार बारिश और गरज-चमक के बीच हुई घटना ने एक बार फिर लोगों को आकाशीय बिजली से बचाव के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया है।

