सेवा संकल्प अभियान के तहत खम्हरिया में हुआ आंगन मिलन कार्यक्रम
कुर्सी दौड़ व विभिन्न खेलों के साथ स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, महिलाओं ने साझा किए योजनाओं के अनुभव
नगरी, 28 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को आंगनबाड़ी केंद्र खम्हरिया में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में गांव की महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों से समुदाय को जोड़ने के साथ पोषण, महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि साहित्यकार अमिता दुबे थीं। अध्यक्षता खम्हरिया के सरपंच संतकुमार मरकाम ने की। विशेष अतिथि के रूप में रविशंकर दुबे, हुलासनी ध्रुव, सरपंच तिलोक बाई, तरुणा, लक्ष्मीन साहू, कन्हैया एल्मा, नारद साहू, मानिकराम, उषा कश्यप, उमा सुमरित, बिशेश्वरी, सुखिया, माहेश्वरी साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चों के लिए कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों में स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता भी कराई गई, जिसमें उनके स्वास्थ्य, पोषण एवं समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया। प्रतियोगिताओं में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने राष्ट्रीय पोषण माह के उद्देश्य एवं आंगन मिलन की उपयोगिता की जानकारी दी। साथ ही महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से संबंधित जानकारी साझा करते हुए पात्र हितग्राहियों को मिलने वाले लाभ तथा योजनाओं के अनुभवों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं नियमित देखभाल के प्रति जागरूक रहने तथा आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संदेश दिया गया। आयोजन में ग्रामीणों की सहभागिता ने कार्यक्रम को जीवंत और सार्थक बना दिया।


