सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत जिला पंचायत में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित
स्वस्थ शरीर ही जनसेवा का आधार, नियमित स्वास्थ्य जांच जरुरी - जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण कुमार सार्वा
धमतरी, 28 सितंबर 2026 - सेवा संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को जिला पंचायत धमतरी के सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण कुमार सार्वा, जिला महामंत्री श्री महेन्द्र पंडित, सदस्य श्री टीकाराम कंवर,श्री अजय ध्रुव, श्रीमती धनेश्वरी साहू, श्रीमती अनीता ध्रुव, उपसंचालक पंचायत विभाग श्रीमती पद्मनी वर्मा सहित जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
शिविर का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरुक करना तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को रेखांकित करना था।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण कुमार सार्वा ने शिविर में सबसे पहले अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उन्होंने बीपी, शुगर, रक्त जांच सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कराकर अपने स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही जनसेवा का आधार है। जनसेवा के कार्यों के साथ-साथ स्वयं के स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी आवश्यक है। व्यस्त दिनचर्या के कारण स्वास्थ्य की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार संभव है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा समय-समय पर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित जांच से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समय रहते पता लगाया जा सकता है और आवश्यक उपचार प्रारंभ किया जा सकता है।
इस अवसर पर जिला महामंत्री श्री महेन्द्र पंडित ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही जनसेवा का आधार है। जनप्रतिनिधि समाज और आम जनता की सेवा के लिए निरंतर सक्रिय रहते हैं। विभिन्न कार्यक्रमों, बैठकों और जनसमस्याओं के निराकरण में व्यस्त रहने के कारण कई बार वे अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एक सराहनीय पहल है। इससे जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच कराने की सुविधा मिली है। उन्होंने सभी से अपने स्वास्थ्य के प्रति गंभीर रहने और समय-समय पर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की, ताकि किसी भी बीमारी का समय रहते पता लगाकर उचित उपचार कराया जा सके।
शिविर में जिला अस्पताल धमतरी के चिकित्सकीय दल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। स्वास्थ्य परीक्षण करने वाले दल में मेडिकल ऑफिसर डॉ. सागर साहू, स्टाफ नर्स श्रीमती तरुणा साहू, लैब टेक्नीशियन पिलेश कुमार निषाद, अनीष चन्द्राकर, जयदेव एवं हर्ष माहेश्वरी शामिल रहे। चिकित्सकीय दल ने शिविर में उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत आयोजित इस शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं जिला पंचायत के अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा का लाभ उठाया।


