धमतरी-नगरी मार्ग के 60.20 किमी हिस्से के मजबूतीकरण को 62.86 करोड़ की मंजूरी

0

 

धमतरी-नगरी मार्ग के 60.20 किमी हिस्से के मजबूतीकरण को 62.86 करोड़ की मंजूरी

राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी-सिहावा-बोराई मार्ग होगा मजबूत, आवागमन के साथ व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ


उत्तम साहू 

धमतरी, 28 सितंबर। धमतरी जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में राज्य शासन ने बड़ी पहल की है। लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी-सिहावा-बोराई मार्ग के धमतरी-नगरी हिस्से के 60.20 किलोमीटर मार्ग के मजबूतीकरण के लिए 62 करोड़ 85 लाख 82 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

धमतरी से नगरी, सिहावा और बोराई को जोड़ने वाला यह मार्ग ग्रामीण, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके सुदृढ़ीकरण से नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। सड़क की स्थिति बेहतर होने से यात्रा का समय और परिवहन लागत कम होने के साथ यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारू होगी।

सड़क संपर्क मजबूत होने का सीधा लाभ किसानों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। कृषि उपज, स्थानीय उत्पाद और वनांचल में उत्पादित सामग्री को बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। वहीं नगरी और सिहावा क्षेत्र के लोगों के लिए धमतरी जिला मुख्यालय तक स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और अन्य जरूरी सेवाओं की पहुंच भी बेहतर होगी।

राज्य शासन द्वारा सड़क अधोसंरचना के विस्तार और सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व तथा उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में स्वीकृत यह कार्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगी गति

धमतरी-नगरी मार्ग के मजबूत होने से केवल आवागमन ही आसान नहीं होगा, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की संभावना है। बेहतर सड़क से कृषि आधारित परिवहन, स्थानीय बाजारों और व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार हो सकेगा। ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के उत्पादों को प्रमुख बाजारों तक पहुंचाने में भी सुविधा होगी।


महापौर ने जताया आभार

नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने सड़क मजबूतीकरण की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति धमतरी-नगरी-सिहावा-बोराई क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क के सुदृढ़ीकरण से आवागमन के साथ व्यापार, कृषि और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा।


गुणवत्ता और समयबद्धता पर रहेगा जोर

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इसे जिले की सड़क अधोसंरचना के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि मार्ग के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को प्राथमिकता दी जाएगी तथा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य कराया जाएगा।

मार्ग के सुदृढ़ीकरण से धमतरी-नगरी-सिहावा-बोराई क्षेत्र में आवागमन और परिवहन व्यवस्था बेहतर होने के साथ कृषि, व्यापार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !