सांकरा-जैतपुरी मार्ग और नगरी फोरलेन को वित्त विभाग की स्वीकृति

0

 

सांकरा-जैतपुरी मार्ग और नगरी फोरलेन को वित्त विभाग की स्वीकृति

अरुण सार्वा और विकास मरकाम की मांग पर आगे बढ़ी प्रक्रिया, लोक निर्माण विभाग ने दी जानकारी


उत्तम साहू 

नगरी, 28 सितंबर। सिहावा विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं आवागमन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। सांकरा-जैतपुरी मार्ग के निर्माण एवं मजबूतीकरण तथा नगरी शहर में सड़क चौड़ीकरण एवं फोरलेन निर्माण की मांग को वित्त विभाग से स्वीकृति मिलने की जानकारी लोक निर्माण विभाग, धमतरी द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा को दी गई है। विभाग की ओर से दूरभाष के माध्यम से मिली जानकारी के बाद अरुण सार्वा ने इसकी जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से साझा की।

उल्लेखनीय है कि 10 सितंबर को जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा एवं स्थानीय आदिवासी परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम ने रायपुर में लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से मुलाकात की थी। इस दौरान सिहावा विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर चर्चा करते हुए सांकरा-जैतपुरी मार्ग के निर्माण एवं मजबूतीकरण तथा नगरी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी गई थी।


मंत्री ने अधिकारियों को दिए थे कार्रवाई के निर्देश

मुलाकात के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने बढ़ते यातायात और क्षेत्र के विस्तार को देखते हुए इन सड़क परियोजनाओं की आवश्यकता से मंत्री को अवगत कराया था। उन्होंने बताया था कि इन मार्गों का उन्नयन ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों की कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण है। इस पर मंत्री अरुण साव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

अब लोक निर्माण विभाग की ओर से वित्त विभाग से स्वीकृति मिलने की जानकारी दिए जाने के बाद इन परियोजनाओं के आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।


जनहित की मांग को मिली मंजूरी की दिशा में पहल

अरुण सार्वा ने कहा कि सिहावा विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से उठाई गई महत्वपूर्ण मांग पर शासन स्तर से सकारात्मक पहल हुई है। उन्होंने कहा कि उनके और विकास मरकाम के प्रयासों से इन सड़क परियोजनाओं को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि सांकरा-जैतपुरी मार्ग और नगरी शहर में सड़क चौड़ीकरण केवल सड़क निर्माण तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध क्षेत्र के आवागमन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण-आदिवासी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी से है।


अरुण सार्वा और विकास मरकाम ने जताया आभार

अरुण सार्वा एवं विकास मरकाम ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, लोक निर्माण मंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं और विकास से जुड़े मुद्दों को शासन के समक्ष लगातार उठाया जाता रहेगा।

सड़क परियोजनाओं के उन्नयन से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होने, नगरी शहर में यातायात का दबाव कम होने तथा ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !