उल्लास महापरीक्षा में दिखा उत्साह, 15 से 65 वर्ष के शिक्षार्थियों ने लगन से हल किया प्रश्नपत्र
धमतरी जिले के प्राथमिक विद्यालयों को बनाया गया परीक्षा केंद्र, अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
धमतरी। राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर एवं राज्य शैक्षिक एवं अनुसंधान परिषद रायपुर के निर्देशन में उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान महापरीक्षा का आयोजन जिला साक्षरता मिशन धमतरी द्वारा किया गया। जिले के सभी विकासखंडों के चयनित प्राथमिक विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया, जहां 15 से 65 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे शिक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जो विभिन्न कारणों से नियमित रूप से विद्यालय जाकर अध्ययन नहीं कर पाए थे।
महापरीक्षा की व्यवस्थाओं एवं संचालन की निगरानी के लिए डाइट नगरी के संकाय सदस्य डीके साहू ने नगरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला चुरियारा पारा, डमकाडीह, शासकीय प्राथमिक शाला चुरियाराडीह नगरी तथा शासकीय प्राथमिक शाला राइस मिल पारा नगरी का निरीक्षण किया। वहीं व्याख्याता भूपेंद्र साहू ने कुरुद विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला संजय नगर कुरुद एवं शासकीय नवीन बालक प्राथमिक शाला कुरुद का निरीक्षण किया। डाइट नगरी के उल्लास केंद्र प्रभारी देवकुमार साहू ने धमतरी विकासखंड के परीक्षा केंद्र भोथली का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों में बैठक व्यवस्था, पेयजल सुविधा एवं दीवार लेखन व्यवस्था संतोषप्रद पाई गई। चुरियारा पारा नगरी परीक्षा केंद्र में अमरोतीन बाई, जयंती बाई और ईश्वरी बाई सहित तीन शिक्षार्थी उपस्थित रहे। वहीं डमाकाडीह केंद्र में चार शिक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। शिक्षार्थी पूरे उत्साह और लगन के साथ प्रश्नपत्र हल करते नजर आए।
महापरीक्षा को सफल बनाने में किरण छत्तर, शिखन लाल सिन्हा, निर्मला सोम एवं चमनलाल साहू का योगदान सराहनीय रहा। परीक्षा के दौरान शिक्षार्थियों ने अपने प्रयास से समाज को प्रेरक संदेश दिया—“सब पढ़ें, सब आगे बढ़ें।”

