भृत्य से लिपिक पदोन्नति की मांग तेज, फेडरेशन ने संचालक के समक्ष उठाया मुद्दा

0

 

भृत्य से लिपिक पदोन्नति की मांग तेज, फेडरेशन ने संचालक के समक्ष उठाया मुद्दा

हायर सेकेंडरी योग्यता को मान्य कर पदोन्नति का अवसर देने की मांग, लोक शिक्षण संचालक से हुई सकारात्मक चर्चा


उत्तम साहू 

नगरी। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने भृत्य कर्मचारियों को लिपिक संवर्ग में पदोन्नति दिलाने और पदोन्नति की योग्यता संबंधी विसंगतियों के निराकरण को लेकर पहल तेज कर दी है। इसी सिलसिले में जिला संयोजक चंदूलाल चंद्राकर और ब्लॉक संयोजक डोमार सिंह ध्रुव के नेतृत्व में फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कर्मचारी हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उच्च स्तर पर रखा।

फेडरेशन पदाधिकारियों ने सबसे पहले प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा से मुलाकात कर भृत्य से लिपिक संवर्ग में पदोन्नति, सेजेश में प्रतिनियुक्त शिक्षकों के कोषालय से वेतन भुगतान, प्राचार्य पदोन्नति, कार्यभारित कर्मचारियों के मामलों तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में शनिवार को सुबह पाली में शाला संचालन सहित अन्य मांगों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान समस्याओं से अवगत कराते हुए मांग पत्र भी सौंपा गया।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक आर.आर. रघुवंशी से मुलाकात कर भृत्य कर्मचारियों की पदोन्नति का मुद्दा उठाया। फेडरेशन ने बताया कि लिपिक पद की सीधी भर्ती के लिए स्नातक योग्यता संबंधी प्रावधान के चलते विभाग में लंबे समय से कार्यरत भृत्य कर्मचारियों के सामने पदोन्नति को लेकर कठिनाई उत्पन्न हो रही है।



फेडरेशन ने मांग की कि भृत्य से लिपिक संवर्ग में पदोन्नति के लिए हायर सेकेंडरी उत्तीर्ण योग्यता को मान्य किया जाए। प्रतिनिधियों का कहना है कि लंबे समय से विभाग में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के लिए पदोन्नति सेवाकालीन उन्नयन और कर्मचारी हित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए पदोन्नति प्रक्रिया को व्यावहारिक बनाते हुए पात्र भृत्य कर्मचारियों को अवसर दिया जाना चाहिए।

चर्चा के दौरान संचालक आर.आर. रघुवंशी ने फेडरेशन द्वारा रखे गए विषय को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक कार्रवाई और संबंधित स्तर पर मार्गदर्शन के निर्देश दिए। संचालक के सकारात्मक रुख के बाद फेडरेशन ने उम्मीद जताई कि भृत्य कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़ी समस्या के निराकरण की दिशा में आगे सकारात्मक पहल होगी।

इस अवसर पर सहसंयोजक सुरेंद्र कुमार साहू, महासचिव गिरीश कुमार जायसवाल, सचिव देवप्रकाश ताम्रकार, चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ अध्यक्ष कुलेश कुंजाम, ओंकार सिंह ध्रुव, पोखन नेताम, दिलीप गजभिए, झागेंद्र ध्रुव, लक्ष्मी नाथ ओटी, रूखमनी ठाकुर, सुनीता मंडावी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !