सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा में लगेंगे विशेष शिविर

0

 

सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा में लगेंगे विशेष शिविर

नगरीय निकायों और जनपद पंचायत क्षेत्रों में 1 से 6 अक्टूबर तक होंगे आयोजन, विभागीय स्टॉल लगाकर योजनाओं की दी जाएगी जानकारी



कोरबा, 23 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आम नागरिकों तक शासकीय योजनाओं और सेवाओं की पहुंच आसान बनाने विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिले के विभिन्न नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में 1 से 6 अक्टूबर तक निर्धारित स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे।

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कुणाल दुदावत ने शिविरों के सुचारू संचालन के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर को नगर पंचायत पाली के वार्ड क्रमांक 15 स्थित नगर पंचायत कार्यालय भवन, जनपद पंचायत पाली के ग्राम पंचायत सैला स्थित माध्यमिक शाला तथा जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के ग्राम पंचायत सिंघिया में शिविर लगेगा। 2 अक्टूबर को नगर पंचायत छुरीकला में बस स्टैंड के पास शिविर आयोजित किया जाएगा।

इसी तरह 3 अक्टूबर को नगर पालिक निगम कोरबा के टीपी नगर जोन कार्यालय तथा नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 2 स्थित कार्यालय भवन में शिविर लगाया जाएगा। 5 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद कटघोरा के कार्यालय भवन, नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा के वार्ड क्रमांक 3 स्थित कार्यालय भवन और जनपद पंचायत करतला के ग्राम पंचायत कराईनारा स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजन होगा।

अभियान के तहत 6 अक्टूबर को जनपद पंचायत कोरबा के ग्राम पंचायत अजगरबहार तथा जनपद पंचायत कटघोरा के ग्राम पंचायत अरदा में पंचायत भवन के पास विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

कलेक्टर ने सभी विभागाध्यक्षों को शिविर स्थलों पर अपने-अपने विभागों के स्टॉल लगाने, योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने तथा पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों की समस्याओं और प्राप्त आवेदनों का यथासंभव मौके पर निराकरण करने के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को नागरिकों के करीब पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !