गणेश विसर्जन के दौरान तालाब में डूबा युवक, मौत से पसरा मातम
गुढ़ियारी तालाब में हुआ दर्दनाक हादसा, 20-25 मिनट की तलाश के बाद निकाला गया शव
नगरी। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान गुरुवार को नगरी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। नगर के गुढ़ियारी तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद विसर्जन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान वार्ड क्रमांक-2 निवासी किशन यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को नगर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला चल रहा था। इसी दौरान किशन यादव भी गुढ़ियारी तालाब पहुंचा था। विसर्जन के दौरान वह तालाब के गहरे हिस्से में चला गया और अचानक पानी में डूब गया। युवक के डूबने की खबर मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि करीब 20 से 25 मिनट की मशक्कत के बाद किशन को तालाब से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद परिजन एवं स्थानीय लोग उसे तत्काल शासकीय अस्पताल नगरी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा युवक के तालाब में डूबने की परिस्थितियों तथा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
गणेश विसर्जन जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वार्ड में भी मातम पसरा हुआ है।

