धमतरी..हथियार की नोक पर लूट करने वाला गिरोह पकड़ा गया, दो बालिग गिरफ्तार

0

 

धमतरी..हथियार की नोक पर लूट करने वाला गिरोह पकड़ा गया, दो बालिग गिरफ्तार

मानव वन मोड़ की वारदात का खुलासा, लूट की रकम-मोबाइल के साथ चाकू और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद



धमतरी, 12 सितंबर। मानव वन के आगे तालाब मोड़ के पास राहगीर को रोककर हथियार की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का रुद्री पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल, चाकू के अलावा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और स्कूटी भी बरामद की गई है।

मामला 7 सितंबर की शाम करीब 6:45 बजे का है। ग्राम खिरकीटोला निवासी 27 वर्षीय ढालसिंग नेताम मानव वन के आगे तालाब मोड़ के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसकी जेब में रखे 6 हजार रुपए नकद तथा VIVO मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 16 हजार रुपए बताई गई है।


मुखबिर तंत्र और साक्ष्यों से खुली वारदात की कड़ी

घटना की रिपोर्ट मिलते ही रुद्री पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण करने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद तहसीलदार के समक्ष विधिवत शिनाख्तगी की कार्रवाई कराई गई।


लूट का सामान और हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम, VIVO मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल चाकू तथा मोटरसाइकिल और स्कूटी जब्त की। हथियार के इस्तेमाल और सामने आए साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 310(2), 311 BNS तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट भी जोड़ी गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में निशांत उर्फ दीपू ध्रुव (23), निवासी दानीटोला साहूपारा और भरत यादव (22), निवासी दानीटोला महिमासागर वार्ड, धमतरी शामिल हैं। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार संरक्षण में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की गई है।

रुद्री पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में लूट और हथियारबाजी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस ने आम लोगों से संदिग्ध गतिविधियों या व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !