सेवानिवृत्ति एवं पदोन्नति पर विदाई समारोह आयोजित
डॉ. शैल चन्द्रा को सेवानिवृत्ति पर दी भावभीनी विदाई, चन्द्रभान साहू व मोर्यध्वज वर्मा को बधाई
उत्तम साहू,नगरी। संकुल केंद्र शासकीय हाईस्कूल टांगापानी में सेवानिवृत्ति एवं पदोन्नति के अवसर पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शासकीय हाईस्कूल टांगापानी की प्राचार्य डॉ. (श्रीमती) शैल चन्द्रा के सेवानिवृत्त होने पर शाला परिवार ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। वहीं छात्रावास अधीक्षक चन्द्रभान साहू के सीजीपीएससी के माध्यम से आबकारी उप निरीक्षक पद पर चयनित होने तथा मोर्यध्वज वर्मा के प्रधान पाठक पद पर पदोन्नत होने पर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में डॉ. शैल चन्द्रा के दीर्घ एवं सराहनीय सेवाकाल को स्मरण करते हुए वक्ताओं ने उनके कार्यों की प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन एवं प्रशासनिक कार्यों को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समयपालन, नियमितता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए वे सदैव प्रेरणास्रोत रहीं। प्रार्थना के समय नियमित उपस्थिति के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों के सामने अनुशासन एवं समयपालन का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
डॉ. चन्द्रा ने कर्मचारियों की योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप कार्य-विभाजन कर उन पर विश्वास जताया, जिससे विद्यालय परिवार में आपसी सहयोग और जिम्मेदारी की भावना मजबूत हुई। साहित्य सृजन के प्रति उनकी रुचि एवं विद्वतापूर्ण व्यक्तित्व को भी वक्ताओं ने विशेष रूप से रेखांकित किया।
कार्यक्रम में सरपंच यशवंत मण्डावी, प्राचार्य देवेश सूर्ववंशी, व्ही.पी. चन्द्रा, मोहन सिंह कुर्रु, शाला प्रबंध समिति अध्यक्ष चैतराम मरकाम, पूर्व सरपंच गणेशिया मरकाम, ग्राम पटेल अमर सिंह नेताम, प्रभारी प्राचार्य बीडी बैरागी, संकुल समन्वयक रामकुमार साहू, शालानायक मनेश कुमार सहित शिक्षक, पालक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अंत में शाला परिवार एवं अतिथियों ने डॉ. शैल चन्द्रा के स्वस्थ, सुखमय एवं सृजनात्मक जीवन की मंगलकामना की। साथ ही चन्द्रभान साहू एवं मोर्यध्वज वर्मा को उनके नए दायित्व के लिए बधाई दी। उक्त जानकारी व्याख्याता मुकेश सोन ने दी।



