आशीर्वाद के दीपों से जगमगाया रूद्रेश्वर घाट

0

 

आशीर्वाद के दीपों से जगमगाया रूद्रेश्वर घाट

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में दीप प्रज्ज्वलन, जनभागीदारी से सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश


उत्तम साहू,धमतरी, 17 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार शाम रूद्रेश्वर मंदिर घाट रूद्री में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में प्रज्ज्वलित दीपों से घाट जगमगा उठा। दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से सेवा, समर्पण, सुशासन, विकास और राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प को अभिव्यक्त किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अजय चंद्राकर रहे। इस दौरान महापौर रामू रोहरा, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय, जनपद पंचायत धमतरी अध्यक्ष अंगीरा ध्रुव, निगम सभापति कौशल्या देवांगन, पूर्व विधायक रंजना साहू, जिला पंचायत सदस्य मोनिका देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, श्रद्धालु और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वागत उद्बोधन में अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के साथ गांवों, चौक-चौराहों, शासकीय कार्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल-कॉलेजों और घरों में भी दीप प्रज्ज्वलित कर नागरिक अभियान से जुड़ रहे हैं। सिहावा के कर्णेश्वर महादेव मंदिर, धमतरी के विंध्यवासिनी मंदिर और गंगरेल के अंगारमोती माता मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ सामूहिक सेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने जिले में अभियान के प्रति नागरिकों की सहभागिता की सराहना करते हुए सेवा और विकास के कार्यों में निरंतर भागीदारी का आह्वान किया।



महापौर रामू रोहरा ने कहा कि दीपक जिस तरह अंधकार दूर कर प्रकाश फैलाता है, उसी तरह सेवा का भाव समाज में सकारात्मकता, विश्वास और सहयोग का प्रकाश फैलाता है। पूर्व विधायक रंजना साहू ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से सेवा को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद रूद्रेश्वर मंदिर घाट पर गंगा आरती आयोजित हुई, जिसमें श्रद्धालुओं और नागरिकों ने भक्तिभाव से सहभागिता की। अंत में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !