अवैध शराब बिक्री पर पुलिस का शिकंजा,दो आरोपी गिरफ्तार
अर्जुनी में ढाबे के पास और बिरेझर में तिराहे पर कार्रवाई, शराब व बिक्री रकम जब्त
उत्तम साहू
धमतरी, 17 सितंबर 2026। ऑपरेशन निश्चय के तहत धमतरी पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अर्जुनी और बिरेझर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से देशी शराब और बिक्री की रकम जब्त की है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस को ग्राम अछोटा स्थित अपना फैमिली ढाबा के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली। पुलिस ने दबिश देकर राहुल सिंह राजपूत (27) को पकड़ा। उसके कब्जे से 10 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 820 रुपये है, तथा बिक्री रकम 3,200 रुपये, कुल 4,020 रुपये का सामान जब्त किया गया। मामले में अपराध क्रमांक 130/26 के तहत धारा 34(1)(क) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई।
इसी तरह थाना बिरेझर पुलिस ने कटौली तिराहा के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना पर घेराबंदी कर तोरण रात्रे (18 वर्ष 7 माह) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 15 नग देशी शराब, कीमत 1,500 रुपये और बिक्री रकम 500 रुपये, कुल 2,000 रुपये जब्त किए गए। मामले में अपराध क्रमांक 299/26 के तहत धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। धमतरी पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

