धमतरी..स्वास्थ्य सेवा न मिलने की खबर को विभाग ने बताया भ्रामक
मितानिन ने किया प्राथमिक उपचार, हिरीडीह उप स्वास्थ्य केंद्र में जांच के बाद मरीज को मिला समुचित इलाज
उत्तम साहू,नगरी। ग्राम पंचायत लटियारा के आश्रित ग्राम चर्रा (कछारपारा) निवासी मरीज को स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिलने संबंधी सोशल मीडिया और कुछ माध्यमों में प्रसारित खबर को स्वास्थ्य विभाग एवं ग्राम पंचायत ने भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। विभाग के अनुसार मरीज को समय पर प्राथमिक उपचार से लेकर आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई गई थी।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक चर्रा निवासी गोपेश पटेल (उम्र करीब 35-37 वर्ष) को उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत थी। सूचना मिलते ही गांव की मितानिन ने मरीज की जांच कर प्राथमिक उपचार किया और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं।
इसके बाद 12 सितंबर को मरीज के परिजन स्वयं उसे खटिया पर लेकर नदी पार करते हुए हिरीडीह स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। विभाग का कहना है कि इस दौरान 108 एम्बुलेंस सेवा को कॉल या संपर्क नहीं किया गया था। विभाग के अनुसार हिरीडीह वाले मार्ग से एम्बुलेंस के पहुंचने की सुविधा उपलब्ध है।
उप स्वास्थ्य केंद्र हिरीडीह में स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्काल मरीज की जांच की। मलेरिया की स्लाइड बनाई गई, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके साथ ही मरीज को ओआरएस घोल सहित आवश्यक उपचार दिया गया। स्वास्थ्य लाभ होने के बाद मरीज को स्वस्थ अवस्था में घर भेज दिया गया। विभाग के अनुसार वर्तमान में मरीज पूरी तरह स्वस्थ है।
ग्राम पंचायत लटियारा के सरपंच रूपेश कुमार ध्रुव सहित ग्रामीणों चंदन पटेल, दीपक कुमार, यशवंत मरकाम, राजेन्द्र कुमार और मनोज कुमार आदि ने भी लिखित रूप से स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय पर उपचार और सहयोग दिए जाने की पुष्टि की है।
असली समस्या पुल की, इलाज की नहीं
विभाग और पंचायत के अनुसार गांव में मुख्य समस्या बारिश के दौरान नदी-नाले पर पुल नहीं होने के कारण आवागमन बाधित होना है। ग्रामीणों को बरसात के दिनों में नदी पार करने में परेशानी होती है। इसे लेकर शासन-प्रशासन से पुल निर्माण की मांग भी की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवा में लापरवाही संबंधी आरोप सही नहीं हैं। विभाग ने मीडिया और आम लोगों से अपील की है कि प्रशासनिक पुष्टि के बिना किसी भी खबर को तथ्य मानकर प्रसारित न करें। विभाग का कहना है कि क्षेत्र के ग्रामीणों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य अमला लगातार कार्यरत है।

