सड़क हादसों से फिर दहला धमतरी, अलग-अलग घटनाओं में दो की मौत
अज्ञात वाहनों की ठोकर से बुझी दो जिंदगियां, एक युवक गंभीर घायल; जिला अस्पताल में हुआ पोस्टमार्टम
उत्तम साहू
धमतरी। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मृतकों का धमतरी जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
जानकारी के अनुसार पहली घटना बीती रात गुरुर थाना क्षेत्र के ग्राम बोरतरा के पास हुई। बताया जा रहा है कि भुलनडबरी निवासी गुमान सिंह मंडावी मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरा हादसा धमतरी शहर के श्यामतराई मंडी के आगे हुआ। लालबगीचा वार्ड निवासी राजा यादव एक अन्य व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल से खाना खाने ढाबे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में दोनों घायल हो गए और उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने राजा यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल का उपचार जारी है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर जिले में यातायात सुरक्षा और अज्ञात वाहनों की तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने घटनाओं की जांच शुरू कर दी है और हादसे में शामिल अज्ञात वाहनों की तलाश की जा रही है।

