‘निदान-03’ शिविर में 632 दिव्यांगजनों की सहभागिता, सहायक उपकरणों से मिली आत्मनिर्भरता की राह
धमतरी और नगरी में कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल व श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध, 11 अक्टूबर को भी लगेगा शिविर
धमतरी, 10 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी दैनिक गतिविधियों को सुगम करने के उद्देश्य से जिले में आयोजित तीन दिवसीय ‘निदान-03’ विशेष शिविर में धमतरी और नगरी में अब तक कुल 632 दिव्यांगजनों ने सहभागिता की है। जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग तथा भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में पात्र हितग्राहियों को कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स, व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, बस पास और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं। शिविर का आयोजन 11 अक्टूबर को भी किया जाएगा।
नगरी में 172 दिव्यांगजनों ने लिया लाभ
शिविर के पहले दिन 8 अक्टूबर को नगरी विकासखंड के श्रृंगी ऋषि हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित शिविर में 172 दिव्यांगजन शामिल हुए। यहां हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल, 13 व्हीलचेयर, 27 श्रवण यंत्र, तीन बैसाखी, दो एल्बो क्रच, सात वॉकिंग स्टिक और एक वॉकर प्रदान किया गया। इसके अलावा नौ दिव्यांगजनों के कृत्रिम हाथ-पैर तैयार करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की गई। शिविर में 18 दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए और 44 दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
धमतरी में 460 दिव्यांगजन पहुंचे, 359 को मिला लाभ
शिविर के दूसरे दिन 10 अक्टूबर को धमतरी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित शिविर में 460 दिव्यांगजन पहुंचे। इनमें से 359 हितग्राहियों को विभिन्न सहायक उपकरणों एवं सुविधाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में 15 कृत्रिम पैर, सात कृत्रिम हाथ, नौ कैलिपर्स, 116 श्रवण यंत्र, 43 ट्राइसाइकिल, 49 व्हीलचेयर, छह बैसाखी, चार एल्बो बैसाखी, 30 वॉकिंग स्टिक, चार स्मार्ट केन और एक वॉकर प्रदान किया गया।
इसके साथ ही आठ दिव्यांगजनों के बस पास बनाए गए, 16 दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा 51 हितग्राहियों को एम. आधार कार्ड की सुविधा दी गई। सहायक उपकरणों से दिव्यांगजनों को आवागमन, दैनिक कार्यों और सामाजिक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी। कृत्रिम अंगों और श्रवण यंत्रों के माध्यम से भी हितग्राहियों को जीवन अधिक सहज बनाने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर ने किया स्टॉलों और छायाचित्र प्रदर्शनी का निरीक्षण
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण एवं शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। ‘निदान-03’ शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों की जरूरतों को समझते हुए एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके जीवन को सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सम्मानजनक जीवन, समान अवसर और समाज की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने प्रशासन निरंतर प्रयासरत है।
कलेक्टर ने अतिथियों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी गई। शिविर में जनसंपर्क विभाग की मासिक पत्रिका ‘छत्तीसगढ़ जनमन’ का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
लोकेश कावड़िया रहे मुख्य अतिथि
धमतरी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री लोकेश कावड़िया मुख्य अतिथि तथा महापौर श्री रामू रोहरा अध्यक्षता में उपस्थित रहे। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई, ताकि दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
11 अक्टूबर को भी मिलेगा लाभ
तीन दिवसीय ‘निदान-03’ शिविर का अंतिम चरण 11 अक्टूबर को आयोजित होगा। इसमें दिव्यांगजनों के पंजीयन, कृत्रिम अंगों एवं सहायक उपकरणों के लिए मापन और आवश्यक परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराने के साथ शासकीय योजनाओं से जोड़ना है। सेवा संकल्प अभियान के तहत यह पहल दिव्यांगजनों के सम्मान, सुविधा, समान अवसर और स्वावलंबन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।



