दशहरा पर धमतरी पुलिस का यातायात प्लान जारी, एकलव्य मैदान में रावण दहन के लिए 3 पार्किंग स्थल निर्धारित

0

 

दशहरा पर धमतरी पुलिस का यातायात प्लान जारी, एकलव्य मैदान में रावण दहन के लिए 3 पार्किंग स्थल निर्धारित



आंबेडकर चौक से नहर नाका-दानीटोला मार्ग पर भारी वाहनों की नो-एंट्री, घड़ी चौक से विंध्यवासिनी मंदिर मार्ग पर ऑटो, ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों पर प्रतिबंध


उत्तम साहू 

धमतरी, 19 अक्टूबर 2026। विजयादशमी पर्व पर एकलव्य खेल परिसर मैदान में आयोजित होने वाले रावण दहन एवं दशहरा महोत्सव के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए धमतरी पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन एवं पार्किंग प्लान जारी किया है। इसके तहत अलग-अलग मार्गों से आने वाले दर्शकों के लिए तीन प्रमुख पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। साथ ही, भीड़ और यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए कुछ मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है।


इन तीन स्थानों पर होगी पार्किंग

1. गौशाला मैदान पार्किंग: सदर मार्ग और रामबाग चौक की ओर से दशहरा महोत्सव में शामिल होने आने वाले दर्शक अपने दोपहिया एवं चारपहिया वाहन गौशाला मैदान में खड़े कर सकेंगे।

2. पिंक सिटी पार्किंग: सिहावा रोड, नहर नाका और दानीटोला की ओर से आने वाले नागरिकों के लिए समारू होटल के सामने स्थित पिंक सिटी पार्किंग निर्धारित की गई है।

3. बैला पसरा, गोकुलपुर पार्किंग: आंबेडकर चौक और रुद्री मार्ग की ओर से आने वाले दर्शकों को अपने वाहन बैला पसरा, गोकुलपुर स्थित निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े करने होंगे।

इसके अतिरिक्त, एकलव्य मैदान के समीप स्थित शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर को भी पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था के लिए आरक्षित रखा जाएगा।


इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध

दशहरा महोत्सव के दौरान आंबेडकर चौक से नहर नाका एवं दानीटोला मार्ग तक सभी प्रकार के भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए घड़ी चौक से विंध्यवासिनी मंदिर पहुंच मार्ग पर तीनपहिया वाहनों, जिनमें ऑटो एवं ई-रिक्शा शामिल हैं, तथा चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।


धमतरी पुलिस की नागरिकों से अपील

धमतरी पुलिस ने दशहरा महोत्सव में शामिल होने वाले नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और मुख्य मार्गों पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित व्यवस्था में सहयोग देने से जाम की स्थिति से बचा जा सकता है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने का आग्रह किया है। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों से संपर्क किया जा सकता है।

धमतरी पुलिस का संदेश है—आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !