मुजगहन हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा तेज, तीन और आरोपी गिरफ्तार; अब तक 7 जेल भेजे गए
पूर्व रंजिश में दीपांशु साहू की हत्या का मामला, वारदात में इस्तेमाल चाकू, डंडा और कपड़े जब्त
धमतरी, 23 अक्टूबर। ग्राम मुजगहन में दीपांशु साहू की हत्या के मामले में धमतरी पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्टील का स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा और घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर की रात करीब 10:20 से 10:30 बजे के बीच हुई थी। पूर्व रंजिश को लेकर रत्नाबांधा और पंचवटी कॉलोनी के कुछ युवकों ने ग्राम मुजगहन में सुदामा साहू के घर के सामने मुख्य मार्ग पर दीपांशु साहू और विकास साहू के साथ मारपीट की। इस दौरान चाकू और डंडे से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल दीपांशु को जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल विकास साहू का उपचार जारी है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अर्जुनी पुलिस ने मामले में पहले 22 अक्टूबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं, 23 अक्टूबर को शंकर नागरची (19), तामेश्वर नागरची उर्फ मोनू (19) और धनेश्वर नागरची (22), तीनों निवासी रत्नाबांधा, को गिरफ्तार किया गया।
इससे पहले गिरफ्तार आरोपियों में फनेश्वर नेताम (18), रितेश नेताम (22), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20) और नोहर यादव उर्फ काला (23) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
सभी सात आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना और अन्य वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

