मुजगहन हत्याकांड का खुलासा: पुरानी रंजिश में चाकू-डंडों से हमला, एक युवक की मौत, चार आरोपी गिरफ्तार
धमतरी में सनसनीखेज वारदात के बाद अर्जुनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दूसरा युवक अस्पताल में भर्ती; गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
धमतरी, 22 अक्टूबर। पुरानी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। ग्राम मुजगहन में विवाद के दौरान दो युवकों पर चाकू और लकड़ी के डंडों से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में दीपांशु साहू की मौत हो गई, जबकि विकास साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे सहित अन्य सामान जब्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रात 10:20 बजे मेन रोड पर हुआ खूनी संघर्ष
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे ग्राम मुजगहन के मेन रोड पर सुदामा साहू के घर के सामने हुई। बताया गया कि पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद दीपांशु साहू और विकास साहू के साथ गाली-गलौज की गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने दोनों युवकों पर हाथ-मुक्कों, लकड़ी के डंडों तथा धारदार चाकू से हमला कर दिया।
हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल शासकीय जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपांशु साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल विकास साहू का उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
एसपी के निर्देश पर अर्जुनी पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में थाना अर्जुनी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे सहित अन्य सामान गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- फनेश्वर नेताम (18 वर्ष), पिता रोहत नेताम।
- रितेश नेताम (22 वर्ष), पिता रोहित नेताम।
- लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20 वर्ष), पिता प्रदीप नेताम।
- नोहर यादव उर्फ काला (23 वर्ष), पिता परस राम यादव।
चारों आरोपी रत्नाबांधा, धमतरी के निवासी हैं।
बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 118(1), 351(3), 190, 191(1), 191(2) और 103(1) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की तलाश और पतासाजी जारी है।
पुलिस की अपील—विवाद का समाधान हिंसा नहीं, कानून से करें
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा कि आपसी विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें तथा किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
मुजगहन की इस वारदात ने एक बार फिर पुरानी रंजिश से उपजे हिंसक विवादों के गंभीर परिणामों को सामने ला दिया है। एक युवक की मौत और दूसरे के घायल होने के मामले में पुलिस की जांच जारी है।

