सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में करें कार्रवाई : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
प्रधानमंत्री आवास और राजस्व के लंबित प्रकरणों पर गंभीरता से काम करने के निर्देश, राज्योत्सव में ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर सजेगी विभागीय प्रदर्शनी
धमतरी, 21 अक्टूबर। आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में लापरवाही न बरतें और सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। प्रधानमंत्री आवास योजना और राजस्व विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए। यह निर्देश कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतें आम नागरिकों की समस्याओं और अपेक्षाओं से जुड़ी होती हैं। इसलिए अधिकारी संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ इनका निराकरण करें। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों की समस्याओं, आवास निर्माण और योजना से जुड़ी शिकायतों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसी तरह राजस्व प्रकरणों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा कर निराकरण की प्रगति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कृत्रिम गर्भाधान, पशु उपचार, बैंक संबंधी प्रकरणों और एग्रीस्टेक की प्रगति की समीक्षा की। आगामी धान खरीदी की तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश देते हुए उन्होंने मत्स्य पालन, मखाना उत्पादन और औषधीय फसलों का रकबा बढ़ाने सहित कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
राज्योत्सव में दिखेगी विकास और उपलब्धियों की झलक
कलेक्टर श्री मिश्रा ने 2 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय धमतरी में आयोजित होने वाले एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का आपसी समन्वय से निर्वहन करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
राज्योत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। इस वर्ष प्रदर्शनी की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। कलेक्टर ने विभागीय स्टॉलों को आकर्षक, सुव्यवस्थित और जनोपयोगी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही स्टॉलों में एकरूपता बनाए रखने के लिए समान डिजाइन एवं आकार के फ्लेक्स लगाने तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने आयोजन स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, विद्युत, साउंड सिस्टम, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और सुरक्षा सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्कूल एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शालीन और गरिमामय रखने के साथ आम नागरिकों की सहभागिता पर भी जोर दिया। दर्शकों, अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए समुचित बैठक व्यवस्था के अलावा स्वास्थ्य सेवाएं, एम्बुलेंस और आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
1 से 3 नवंबर तक रोशनी से जगमगाएंगे शासकीय भवन
राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 1 से 3 नवंबर तक जिला मुख्यालय के शासकीय भवनों एवं अन्य स्थलों पर प्रतिदिन रात्रि में आकर्षक रोशनी की जाएगी। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को प्रकाश व्यवस्था के साथ ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। निजी संस्थानों को भी स्थापना दिवस पर अपने भवनों में रोशनी करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस पर होने वाला व्यय संबंधित प्रशासकीय विभाग अपने विभागीय बजट से वहन करेंगे।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विकास उपलब्धियों को आम जनता के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए आयोजन को सुव्यवस्थित, गरिमामय और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाया जाए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




