सांसद रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक, विकास योजनाओं की हुई समीक्षा

0

 

सांसद रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक, विकास योजनाओं की हुई समीक्षा

धमतरी एआई मिशन, एआई संगवारी और प्रोजेक्ट आंगन लक्ष्मी का शुभारंभ, 107 आंगनबाड़ियों को मिलेंगे स्मार्ट टीवी


उत्तम साहू 

धमतरी, 23 अक्टूबर 2026। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रगति और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को योजनाओं का पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिले में जनकल्याण और नवाचार से जुड़ी विभिन्न पहलों का शुभारंभ भी किया गया।

सांसद चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों से लेकर दूरस्थ वनांचलों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना और लोगों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की नियमित निगरानी करने, अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समय पर निराकरण करने पर जोर दिया।


दूरस्थ क्षेत्रों में आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश



सांसद ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अंदरूनी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वीकृत आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के पात्र हितग्राहियों को नियमित लाभ उपलब्ध कराने तथा महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाने की बात कही। स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग को समन्वय से बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने और कुपोषण दूर करने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश भी दिए। साथ ही आयुष्मान भारत एवं वय वंदना कार्ड के माध्यम से पात्र लोगों को लाभान्वित करने पर जोर दिया।


किसानों को समय पर मिले मृदा परीक्षण की रिपोर्ट

कृषि एवं उद्यानिकी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सांसद ने रागी की खेती को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर फसलों के लिए आवश्यक खाद एवं अन्य कृषि आदानों की अनुशंसा समय पर उपलब्ध कराई जाए। मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से किसानों को लिखित रिपोर्ट प्रदान की जाए, ताकि वे मिट्टी की गुणवत्ता के अनुरूप खेती कर सकें। इससे कृषि उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, दीनदयाल अंत्योदय आजीविका मिशन, कौशल विकास, शिक्षा, मध्यान्ह भोजन सहित अन्य योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभागीय गतिविधियों, नवाचारों और उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया।


धमतरी एआई मिशन और प्रोजेक्ट आंगन लक्ष्मी की शुरुआत

बैठक में सांसद रूपकुमारी चौधरी ने जनसेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘धमतरी एआई मिशन’ का शुभारंभ किया। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को चिकित्सक तक पहुंचने से पहले ओपीडी संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के लिए ‘एआई संगवारी’ पहल शुरू की गई। वहीं, महिलाओं को आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘प्रोजेक्ट आंगन लक्ष्मी’ का शुभारंभ किया गया।

महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए धमतरी एवं वीबी-जी राम जी योजना के अभिसरण से 100 संकुलों में महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों के लिए बकरी पालन परियोजना भी प्रारंभ की गई। इसके तहत ऊंचे फर्श और सौर ऊर्जा सुविधा से युक्त बकरी शेड बनाए जाएंगे। इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आजीविका के साधन मजबूत करने में मदद मिलेगी।


107 आंगनबाड़ियों में स्मार्ट टीवी, महिलाओं को बाला किट

राइस मिलर्स एसोसिएशन, खनिज एसोसिएशन और किशन गोपाल महावर सेवा ट्रस्ट के सहयोग से जिले की 107 आंगनबाड़ियों में स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराने की पहल की गई है। कार्यक्रम में सांसद ने प्रतीकात्मक रूप से 10 स्मार्ट टीवी वितरित किए। इससे आंगनबाड़ियों में बच्चों को तकनीक आधारित और रोचक तरीके से शिक्षा देने में सहायता मिलेगी।

इसी तरह जिले की 30 हजार महिलाओं को स्वास्थ्य प्रशिक्षण एवं पुनः उपयोग योग्य सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने के कार्यक्रम के तहत 10 महिलाओं को प्रतीकात्मक रूप से निःशुल्क सैनिटरी पैड की बाला किट प्रदान की गई। सांसद ने शिक्षा विभाग द्वारा तैयार पुस्तक ‘मैं भी नागरिक’ का विमोचन भी किया। इन पहलों में सहयोग देने वाली संस्थाओं के प्रतिनिधियों को शाल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि दिशा समिति का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी की समीक्षा कर विकास कार्यों को गति देना तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।

बैठक में धमतरी विधायक ओंकार साहू, सिहावा विधायक अम्बिका मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, नगर निगम महापौर रामू रोहरा, विभिन्न जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !