एकलव्य विद्यालय पथर्रीडीह के 13 विद्यार्थियों ने NEET में लहराया परचम
राधेश्याम का एमबीबीएस और डिंपल का बीएएमएस में चयन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर बढ़ाया जिले का मान
धमतरी। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से धमतरी जिले का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय के जीव विज्ञान संकाय के 13 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इनमें छात्र राधेश्याम का एमबीबीएस और छात्रा डिंपल का बीएएमएस पाठ्यक्रम में चयन हुआ है। दोनों प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का विशेष अवसर भी मिला। राष्ट्रपति भवन में हुई इस मुलाकात ने उनकी उपलब्धि को और खास बना दिया।
चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित प्रथम चरण की काउंसलिंग में राधेश्याम को राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंह देव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अंबिकापुर में एमबीबीएस की सीट आवंटित हुई है। वहीं डिंपल ने बीएएमएस पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है। दोनों की सफलता से विद्यालय, अभिभावकों और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विशेष नीट कोचिंग और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने दिखाई राह
राधेश्याम ने कक्षा छठवीं से बारहवीं तक की पढ़ाई एकलव्य विद्यालय पथर्रीडीह में की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों, माता-पिता के प्रोत्साहन और जिला प्रशासन द्वारा संचालित विशेष नीट कोचिंग को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित कोचिंग के साथ प्रतिदिन पांच से छह घंटे स्वाध्याय कर उन्होंने परीक्षा की तैयारी की। उनका सपना डॉक्टर बनकर जरूरतमंद और वंचित लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
विद्यालय के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि इस वर्ष 13 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके अलावा जेईई मेन्स, नर्सिंग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है।
कलेक्टर ने दी बधाई
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने राधेश्याम और डिंपल सहित सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षा में 13 विद्यार्थियों की सफलता पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। उचित अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन मिलने पर वे भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि आदिवासी समुदाय की प्रतिभाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, संसाधन और निरंतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना विद्यालय का उद्देश्य है। राधेश्याम और डिंपल की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
राष्ट्रपति से मुलाकात का गौरव और चिकित्सा शिक्षा में प्रवेश की उपलब्धि ने इन विद्यार्थियों की सफलता को विशेष बना दिया है। उनकी यह उपलब्धि साबित करती है कि मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल के विद्यार्थी भी बड़े सपनों को साकार कर सकते हैं।

