नगरी में कल सजेगी सांस्कृतिक सुरों की महफिल, मोंगरा रानी की प्रस्तुति से जमेगा रंग
हाईस्कूल मैदान में रात 9 बजे से होगा भव्य आयोजन, कार-मोटरसाइकिल सहित लाखों के उपहारों का निकलेगा ड्रॉ
नगरी। तूफान के चलते टल गया मनोरंजन और उपहारों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। नव आनंद कला मंदिर द्वारा विजयदशमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाला भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं उपहार वितरण समारोह शनिवार 14 नवंबर को नगरी के हाईस्कूल मैदान में आयोजित होगा। रात 9 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में कोरबा की चर्चित कलाकार मोंगरा रानी अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ लाखों रुपये के आकर्षक उपहारों का ड्रॉ रहेगा। इसमें कार, मोटरसाइकिल सहित कई आकर्षक इनाम जीतने का अवसर मिलेगा। 'दान का दान और इनाम का इनाम' की परंपरा के तहत आयोजित इस समारोह को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में अचानक आए तूफान और खराब मौसम के कारण मोंगरा रानी, कोरबा की प्रस्तुति स्थगित करनी पड़ी थी। इसके बाद आयोजन समिति ने नई तिथि निर्धारित की है। अब शनिवार को पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण कार्यक्रम को आगे बढ़ाना पड़ा था, लेकिन अब सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने नगरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से बड़ी संख्या में पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
शनिवार की रात नगरी का हाईस्कूल मैदान संगीत, मनोरंजन और उत्साह से गुलजार रहेगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ आकर्षक उपहार जीतने का रोमांच इस आयोजन को खास बनाने जा रहा है।

