धमतरी में गांजा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 131 किलो से अधिक गांजे के साथ महाराष्ट्र के 5 तस्कर गिरफ्तार
ओडिशा से महाराष्ट्र तक फैले तस्करी के नेटवर्क का खुलासा, दो कारों में छिपाकर ले जा रहे थे नशे की खेप; 72.45 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
धमतरी। ओडिशा से गांजे की खेप लेकर महाराष्ट्र जा रहे अंतरराज्यीय तस्करों की योजना धमतरी पुलिस ने नाकाम कर दी। ऑपरेशन निश्चय के तहत सायबर थाना और अर्जुनी पुलिस की संयुक्त टीम ने श्यामतराई नाका पर घेराबंदी कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 131.668 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। तस्करी में इस्तेमाल टाटा नैनो और स्विफ्ट डिजायर कार सहित कुल 72 लाख 45 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
नशे के कारोबार पर पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के जयपुर क्षेत्र से चारामा होते हुए दो कारों में गांजे की बड़ी खेप महाराष्ट्र ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस टीम सक्रिय हुई और श्यामतराई नाका पर घेराबंदी कर संदिग्ध टाटा नैनो (CG 07 MA 4067) और स्विफ्ट डिजायर (MH 04 GD 7906) को रोक लिया।
वाहनों की तलाशी लेने पर पुलिस भी हैरान रह गई। दोनों कारों से कुल 131.668 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पांचों सवारों को हिरासत में लेकर गांजा, दोनों वाहन और पांच मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए।
महाराष्ट्र के पांच आरोपी पुलिस के शिकंजे में
गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन उर्फ सचिन कैलाश ईगेडे (27), रामेश्वर सालिक राम दांडगे (31), राबिनसन लॉरेंस फर्नांडिस (32), लखन गुलाब बेलदार (34) और गणेश विजय पाटिल (29) शामिल हैं। सभी महाराष्ट्र के निवासी हैं।
65.83 लाख का गांजा, दो कारें और मोबाइल जब्त
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 65 लाख 83 हजार 400 रुपये आंकी गई है। टाटा नैनो की कीमत 50 हजार, स्विफ्ट डिजायर की कीमत 5 लाख और पांच मोबाइल फोन की कीमत 1 लाख 12 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह जब्ती की कुल कीमत 72 लाख 45 हजार 400 रुपये है।
अब तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की तैयारी
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अब जांच का दायरा केवल पकड़े गए पांच आरोपियों तक सीमित नहीं है। गांजा कहां से खरीदा गया, महाराष्ट्र में किसे पहुंचाया जाना था, तस्करी में कौन-कौन शामिल है और इस नेटवर्क के पीछे कौन से चेहरे हैं, इन सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार और संगठित तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

