सूने मकान में छिपा था भालू, रेस्क्यू करने गए डिप्टी रेंजर पर कर दिया हमला
बालोद। दल्लीराजहरा वन परिक्षेत्र के पटेली सर्किल के ग्राम सिंघोला में एक जंगली भालू ने ऐसा आतंक मचाया कि पूरा गांव दहशत में आ गया। सूने मकान में छिपे भालू को बाहर निकालने पहुंची वन विभाग की टीम पर ही भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में पटेली सर्किल के डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, सिंघोला गांव में धरमुराम कुलदीप का मकान लंबे समय से खाली पड़ा था। इसी सूने मकान में जंगली भालू ने अपना ठिकाना बना लिया था। मकान में भालू के होने की खबर मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
सूचना पर पटेली और मंगलतराई सर्किल के वनकर्मी मौके पर पहुंचे। टीम ने भालू को मकान से बाहर निकालकर जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान भालू अचानक मकान से बाहर निकला और वहां मौजूद डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू पर झपट पड़ा। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में डिप्टी रेंजर की जान बच गई।
ग्रामीण जागेश्वर ठाकुर के मुताबिक, भालू संभवतः दो से तीन दिन पहले ही मकान में घुस गया होगा। मकान लंबे समय से खाली होने के कारण वहां कोई मौजूद नहीं था, इसलिए जनहानि नहीं हुई। लेकिन भालू ने मकान के अंदर जमकर नुकसान पहुंचाया। उसने घर के अंदर की जमीन खोद दी और रखा सामान भी तहस-नहस कर दिया।
इस घटना ने वन विभाग की रेस्क्यू व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि वनकर्मी बिना सुरक्षा किट और बिना उच्च अधिकारियों को सूचना दिए ही रेस्क्यू करने पहुंच गए थे। जंगली जानवरों को रिहायशी इलाके से निकालना बेहद जोखिम भरा काम होता है, ऐसे में बिना तैयारी के पहुंचना जानलेवा साबित हो सकता था।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मकान में हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित मकान मालिक को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही भविष्य में रेस्क्यू के दौरान वनकर्मियों और ग्रामीणों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग भी उठाई है। इस मामले में अभी वन विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

