सिहावा-नगरी को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर लाने की तैयारी, पहले चरण में होंगे 20 करोड़ के विकास कार्य

0

 

सिहावा-नगरी को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर लाने की तैयारी, पहले चरण में होंगे 20 करोड़ के विकास कार्य



श्रृंगीऋषि पर्वत से कर्णेश्वर धाम तक विकसित होगा पर्यटन परिपथ, गणेश घाट में बनेगा भव्य घाट; श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए रिजॉर्ट, गार्डन व सुविधाओं का होगा विस्तार


उत्तम साहू 

नगरी। ऋषि-मुनियों की तपोभूमि सिहावा-नगरी अब पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। क्षेत्र की धार्मिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक विरासत को सहेजते हुए इसे प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। पहले चरण में लगभग 20 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि आगामी एक वर्ष के भीतर अधिकांश कार्यों को पूरा कर लिया जाए।

इसी कड़ी में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नगरी प्रवास के दौरान श्रृंगीऋषि पर्वत और कर्णेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने श्रृंगीऋषि विकास समिति और कर्णेश्वर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पर्यटन विकास की संभावनाओं और प्रस्तावित कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।

कलेक्टर ने कहा कि सिहावा-नगरी केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक विरासत से समृद्ध क्षेत्र है। महानदी का उद्गम स्थल, प्राचीन मंदिर, पहाड़, घने जंगल और प्राकृतिक संरक्षित क्षेत्र इसकी अलग पहचान बनाते हैं। सात ऋषियों के नाम से जुड़े अलग-अलग पर्वत इस क्षेत्र की विशिष्ट धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाते हैं। इन सभी स्थलों को जोड़कर एक समग्र पर्यटन परिपथ विकसित करने की आवश्यकता है, ताकि देशभर के श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंच सकें।

गणेश घाट से श्रृंगीऋषि पर्वत तक विकसित होंगी सुविधाएं

पर्यटन विकास की कार्ययोजना के तहत गणेश घाट में महानदी के तट पर भव्य घाट का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए नियोजन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घाट बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ नदी तट की सुंदरता भी निखरेगी। वहीं श्रृंगीऋषि पर्वत तक पहुंचने वाले मार्ग को सुगम बनाने के लिए सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। खरसिया गांव में प्रथम चरण के कुछ विकास कार्य भी कराए गए हैं।

इसके अलावा पर्यटकों के रात्रि विश्राम के लिए रिजॉर्ट, सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए हॉल और गार्डन विकसित करने की योजना है। कर्णेश्वर मंदिर परिसर में भी आकर्षक गार्डन बनाया जाएगा। पिंडदान सहित अन्य धार्मिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़े लंगर हॉल का निर्माण प्रस्तावित है। महानदी के संगम स्थल को भी सुविधायुक्त और आकर्षक बनाया जाएगा।

स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार का अवसर

कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि पर्यटन विकास के दौरान स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। निर्माण कार्यों और पर्यटन गतिविधियों में क्षेत्र के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास होगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, मंदिर समितियों और समाज प्रमुखों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से सिहावा-नगरी को नई पहचान दिलाई जा सकती है।

प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण का रखा जाएगा ध्यान

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने बताया कि प्रथम चरण में लगभग 20 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार योजनाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिहावा-नगरी में धार्मिक स्थलों के साथ नदी, पहाड़ और जंगल जैसी प्राकृतिक संपदाएं मौजूद हैं। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और इसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा। विकास कार्यों के दौरान क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।

वहीं कर्णेश्वर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विकल्प गुप्ता ने क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की पहल का स्वागत करते हुए कलेक्टर का आभार जताया।

सिहावा-नगरी में प्रस्तावित ये विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक पहचान, प्राकृतिक विरासत और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने की संभावना भी रखते हैं। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि प्रस्तावित योजनाएं कितनी तेजी से धरातल पर उतरती हैं और तपोभूमि सिहावा को पर्यटन के क्षेत्र में कितनी नई पहचान मिलती है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !