15 दिन में दो घटनाओं से सहमा आश्रम, स्वामी जी महाराज की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

0

 

15 दिन में दो घटनाओं से सहमा आश्रम, स्वामी जी महाराज की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल



पहले आश्रम के निजी कक्ष तक पहुंचा संदिग्ध, फिर जंगल के रास्ते में काफिले पर हुआ पथराव; पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल


बिलासपुर। श्री सिद्धबाबा अद्वैत परमहंस आश्रम के स्वामी जी महाराज की सुरक्षा को लेकर लगातार दो घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। महज 15 दिनों के भीतर आश्रम परिसर में चोरी और स्वामी जी महाराज के काफिले पर पथराव की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। आश्रम प्रबंधन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

ताजा घटना 22 नवंबर की रात की है। सोनसाय नवागांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे स्वामी जी महाराज के काफिले को भेलवा टिकरा और मिट्ठू नवागांव के बीच जंगल वाले रास्ते पर निशाना बनाया गया। आश्रम की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक, अज्ञात लोगों ने काफिले पर पत्थर फेंके। एक पत्थर वाहन की नंबर प्लेट और फ्रंट ग्रिल से टकराया, जिससे गाड़ी का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

इस घटना के बाद आश्रम प्रबंधन ने थाना बेलगहना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों की पहचान और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में पुलिस पायलटिंग व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रबंधन का दावा है कि सुरक्षा में लगे कुछ पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे और पायलटिंग वाहन स्वामी जी महाराज की गाड़ी से करीब 500 मीटर पीछे चल रहा था। आश्रम ने संबंधित पुलिसकर्मियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने और विभागीय जांच की मांग की है।

इससे पहले 7 नवंबर की रात भी आश्रम में सुरक्षा को लेकर चौंकाने वाली घटना हुई थी। शिकायत के अनुसार, रात करीब 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति आश्रम परिसर में प्रवेश कर स्वामी जी महाराज के निजी कक्ष तक पहुंच गया था। इस दौरान धार्मिक ग्रंथ और एक पक्षी की चोरी होने की बात सामने आई थी। मामले में पुलिस में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।

अब लगातार सामने आई इन दोनों घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या आश्रम की सुरक्षा में कोई बड़ी चूक हो रही है? क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है? और स्वामी जी महाराज की सुरक्षा के लिए तैनात व्यवस्था कितनी प्रभावी है?

आश्रम प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन से दोनों मामलों की गंभीरता से जांच, आरोपियों की पहचान, पुलिस पायलटिंग दल की भूमिका की पड़ताल और स्वामी जी महाराज की व्यक्तिगत सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है। अब सबकी निगाहें पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !