नशामुक्त युवा एवं टीबी मुक्त युवा के संकल्प के साथ कंडेल महाविद्यालय का सात दिवसीय एनएसएस शिविर शुरू
सेमरा बी में 29 नवंबर तक चलेगा विशेष शिविर, युवाओं को नशामुक्ति, टीबी उन्मूलन और राष्ट्र निर्माण के लिए किया जाएगा जागरूक
धमतरी। शासकीय नवीन महाविद्यालय कंडेल की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्राम सेमरा बी में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। 23 से 29 नवंबर तक आयोजित इस शिविर की थीम ‘नशामुक्त युवा एवं टीबी मुक्त युवा, विकसित भारत’ रखी गई है। शिविर का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक जागरूकता, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत उपाध्यक्ष केशव साहू ने की। विशेष अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रविश दास, ग्राम पंचायत सेमरा बी के सरपंच श्रवण साहू, भाजपा भोथली मंडल अध्यक्ष मिश्री पटेल, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति के प्राधिकृत अध्यक्ष यादराम साहू, उपसरपंच घनश्याम निषाद सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर के सात दिनों में स्वयंसेवकों के लिए विभिन्न रचनात्मक, शैक्षणिक एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके तहत व्यक्तित्व विकास, युवा नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण, नशामुक्ति, टीबी उन्मूलन और स्वस्थ भारत जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण, विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका तथा कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, इस विशेष शिविर के माध्यम से युवाओं को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। सात दिवसीय शिविर युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक सेवा और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।


